उत्तराखंड में बदला मौसम, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में हुई बर्फबारी; श्रद्धालुओं ने लिया हिमपात का आनंद
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में रुक रुककर बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के बीच आज केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने केदानाथ और बदरीनाथ में बर्फबारी का आनंद लिया।
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में रुक रुककर बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के बीच आज केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने केदानाथ और बदरीनाथ में बर्फबारी का आनंद लिया। वहीं, मैदानी इलाकों में बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात भी हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय हो गया है। इससे मैदानी इलाकों पर 16 नवंबर को सीधा प्रभाव पड़ने की संभावना है। जिससे उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड में भी इजाफा हो सकता है।
उत्तरकाशी में हो रही बर्फबारी
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में रात से बर्फबारी हो रही है। गंगा घाटी के हर्षिल, मुखवा, धराली, बगोरी, सुक्की गांव सहित यमुना घाटी के खरसाली, जानकी चट्टी, बीफ गांव भी बर्फ की चादर से ढक गए हैं। बर्फबारी के बीच चंडी देवी मंदिर से गंगा की डोली मुखवा गांव के लिए रवाना हुई, जबकि खरसाली से शनि महाराज की डोली अपनी बहन यमुना को लेने के लिए यमुनोत्री के लिए रवाना हुई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम बदला रहेगा। चक्रवाती प्रवाह भी उत्तरप्रदेश से आगे बढ़ चुका है। इससे मैदानी इलाकों में भी ठंड में इजाफा होने लगा है। मैदानी इलाकों में अधिकांशत: आसमान साफ रहेगा और सुबह के समय कोहरे का प्रभाव बढ़ सकता है। हरिद्वार, रुड़की और ऊधमसिंह नगर में घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है।
ऋषिकेश में रात से हो रही बूंदाबांदी
ऋषिकेश के आसपास क्षेत्र में रविवार की रात से बूंदाबांदी शुरू हुई थी जो पूरी रात जारी रही। सुबह बूंदाबांदी तेज हो गई है। क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति भी ठप है। बारिश के कारण सर्दी भी बढ़ गई है। बारिश के कारण आमजन की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है। तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
डोईवाला में रुक रुककर हो रही बारिश
डोईवाला के आसपास क्षेत्र में बीती रात्रि से रुक-रुक कर लगातार बारिश हो रही है। बारिश के चलते ठंड का प्रकोप एकाएक बढ़ गया है। बारिश व मौसम की खराबी के चलते मुख्य मार्ग पर आवागमन भी कम दिखाई दे रहा है। बीती रात्रि बारिश व हवा से ठप्प पड़ी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था डोईवाला इलाके में बहाल हो चुकी है।