मांधाता विधानसभा के नीमखेड़ी में कृषि मंत्री ने जारी किया संकल्प पत्र
हरदा के जिलाध्यक्ष अमरसिंह मीणा, खंडवा जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।
खंडवा: भारतीय जनता पार्टी द्वारा उपचुनाव वाली 28 विधानसभाओं में 28 अक्टूबर को संकल्प पत्र जारी किए गए। मांधाता विधानसभा क्षेत्र में कृषि मंत्री कमल पटेल ने भाजपा प्रत्याशी नारायण पटेल व पार्टी के पदाधिकारियों की उपस्थिति में संकल्प पत्र जारी किया। प्रदेश संगठन के आदेश पर नीमखेड़ा में कृषि मंत्री कमल पटेल ने प्रदेश के साथ ही मांधाता विधानसभा में किए जाने वाले कार्यो को लेकर अपना संकल्प पत्र जारी किया। इस अवसर पर मंत्री कमल पटेल ने कहा कि ये संकल्प पत्र वर्तमान सरकार को मजबूती प्रदान करने का पत्र है। ये संकल्प पत्र इस प्रदेश में विकास के नए आयाम गडने का पत्र है। प्रदेश के 28 सीटों पर होने वाले ये उपचुनाव सरकार को बचाने के लिए नहीं अपितु सरकार को मजबूती प्रदान करने के लिए है। श्री पटेल ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में वोट प्रतिशत भाजपा का ज्यादा था परन्तु सीट कांग्रेस की ज्यादा आ गयी इसलिए उनकी सरकार बन गयी परन्तु सरकार बनते ही एक बार फिर 15 वर्ष पुराना इतिहास दोहराया गया और इन 15 महीनों में एक बार फिर विनाश की इबारत लिखी गयी। अपनी ही सरकार से पीडित होकर उन्हीं के विधायक एवं मंत्रियों ने अपने क्षेत्र के विकास की बात रखी परन्तु निरंतर उनका तिरस्कार हुआ जिसके चलते अपने क्षेत्र के विकास और क्षेत्र की जनता के सम्मान के लिए विधायकों ने अपने पदों से इस्तीफा दिया जिसका परिणाम ये उपचुनाव है। श्री पटेल ने कहा कि भाजपा जो कहती है वो करके दिखाती है। हम झूठे वादे नहीं करते और जो वादे करते हैं उसे मूर्तरूप देते हैं। संकल्प पत्र में किए गए वादे सभी पूरे होंगे और मांधाता विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास किया जाएगा। मीडिया प्रभारी सुनील जैन ने बताया कि संकल्प पत्र जारी करते समय प्रत्याशी नारायण पटेल, हरदा के जिलाध्यक्ष अमरसिंह मीणा, खंडवा जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।