खंडवा। शहर में पशु चोरी की वारदातों ने अब नया और शातिर रूप ले लिया है। पंधाना रोड स्थित सब्जी मंडी में शनिवार दोपहर फिल्मी अंदाज में बकरी चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई। नीले रंग की टाटा अल्ट्रोज (Tata Altroz) कार से पहुंचे बदमाशों ने पहले बकरियों को दाना खिलाकर अपने पास बुलाया और फिर कुछ ही मिनटों में 8 से 10 बकरियों को कार में भरकर फरार हो गए। पूरी घटना मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
🛻 दाना डालकर फुसलाया और ट्रकों की आड़ से कर दिया पार
मंडी क्षेत्र में रोज की तरह पशुपालकों की बकरियां घूम रही थीं। इसी दौरान एक नीली अल्ट्रोज कार वहां पहुंची। बदमाशों ने ट्रकों की आड़ में कार खड़ी की और हाथ में दाना लेकर बकरियों को फुसलाना शुरू कर दिया। जैसे ही बकरियां पास आईं, बदमाश उन्हें उठाकर कार की सीटों में ठूंसते गए। महज 5 से 6 मिनट में आरोपी कई बकरियां लेकर मौके से फरार हो गए।

📹 CCTV फुटेज से हुआ खुलासा, कार नंबर ट्रेस कर रही पुलिस
बुरहानपुर नाका निवासी पीड़ित शुभम यादव ने बताया कि उनकी 8 बकरियां चोरी हुई हैं। शाम तक बकरियों के घर नहीं लौटने पर तलाश शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज देखने पर चोरी की पूरी वारदात सामने आई। घटना के बाद मंडी क्षेत्र के पशुपालकों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इस बार बदमाशों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार नंबर ट्रेस करने और शहर के एंट्री-एग्जिट पॉइंट के कैमरों की जांच में जुटी हुई है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























