इंदौर। पिछले दो दिन से शहर में छाए बादलों के कारण तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बुधवार सुबह शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 14.6 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह हवाएं शांत रही, वहीं मंगलवार रात को शहर में उत्तर पश्चिमी हवाएं 5 से 6 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। इस वजह से सुबह हल्की ठंड का अहसास शहर वासियों को हुआ।पिछले 24 घंटे में हवाएं अधिकतम 16 किलोमीटर प्रतिघन्टा की गति से भी चली। मंगलवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 26.3 डिग्री दर्ज किया गया।
भोपाल से मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहेगा। वर्तमान में पूर्वी अफगानिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके असर से दक्षिणी पश्चिमी राजस्थान में एक प्रेरित ऊपरी हवा का चक्रवात भी बना हुआ है। इस वजह से अगले दो से 3 दिन रात के तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी रहेगी और दिन का तापमान सामान्य के आसपास बने रहेंगे।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक भोपाल गुना सागर चंबल संभाग में वर्षा होने की संभावना है, वहीं इंदौर में बादल छाए रहेंगे। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद इस माह के अंत तक सर्दियों का असर फिर से दिखाई देगा और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। सुबह धुंध का असर दिखाई दिया और न्यूनतम दृश्यता 2500 मीटर तक दर्ज की गई।