देवास। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को देवास पहुंचे। हेलीपैड पर देवास विधायक गायत्री राजे पवार, सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी, भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल सहित कई जनप्रतिनिधि ने उनकी अगवानी की। कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला, एसपी डॉक्टर शिवदयाल सिंह भी मौजूद थे। हेलीपैड से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान माताजी टेकरी के लिए रवाना हुए। माताजी टेकरी पर माता तुलजा भवानी और माता चामुंडा के दर्शन किए। वे शहर के विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। आज दिनभर देवास में रहेंगे मुख्यमंत्री। नगर निगम में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक में पांच साल की विकास योजनाओं के रोड मैप की समीक्षा करेंगे।
बालगढ़ क्षेत्र में एक गरीब हितग्राही के घर भोजन भी मुख्यमंत्री करेंगे। इंडस्ट्रियल पार्क में मुख्य समारोह में शिलान्यास एवं भूमि पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री के आने के पहले अंतिम समय तक अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देते रहे। नगर निगम में बैठक के पहले प्रेजेंटेशन का जायजा अफसरों ने लिया। सीएम के आने के पहले चाक-चौबंद व्यवस्था पुलिस की तरफ से की गई है, रसूलपुर चौराहे के पास वाहनों के प्रवेश प्रतिबंधित कर दिए गए शहर में भी चौराहे चौराहे पर पुलिस बल तैनात नजर आया।