खंडवा। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से करवाएं। उन्होंने सभी कार्य वर्षा शुरू होने के पूर्व पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा का पानी व्यर्थ ना बहे, और जिले का जलस्तर बढ़े। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, पुनासा के एसडीएम श्री पंकज वर्मा तथा सहायक कलेक्टर सुश्री शिल्पा चौहान के अलावा अपर कलेक्टर श्री के आर बडोले सहित सभी एसडीएम भी मौजूद थे।
🚩 सिंहस्थ 2028 के कार्यों में तेजी और ओंकारेश्वर में नाव संचालन पर सख्त निर्देश
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर में स्वीकृत सभी कार्य प्राथमिकता से गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने अपर कलेक्टर श्रीमती देशमुख एवं पुनासा एसडीएम श्री पंकज वर्मा को इन कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के लिए कहा। कलेक्टर श्री गुप्ता ने एसडीएम पुनासा और सीएमओ ओंकारेश्वर को निर्देश दिए कि ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में चलने वाली नावों की गति नियंत्रित रखी जाए, ताकि किसी दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने कहा कि कोई भी अवयस्क व्यक्ति नाव ना चलाए तथा नावों में यात्रियों को सेफ्टी जैकेट पहनकर ही बैठने की अनुमति दी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ओंकारेश्वर में नर्मदा तट पर वायु की गति नापने के लिए यंत्र स्थापित किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि अत्यधिक तेज हवा चलने पर नाव का संचालन ना हो। उन्होंने कहा कि नाव में क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठने दी जाए।
🚫 PoP की मूर्तियों पर रोक, तालाबों व कुंडों के कैचमेंट एरिया से हटेगा अतिक्रमण
कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र में स्थित सभी पेयजल स्रोतों को रिचार्ज करने के लिए उनके आसपास रिचार्ज पिट आवश्यक रूप से बनवाई जाएं, ताकि पेयजल स्रोत वर्षा के जल से रिचार्ज होता रहे। कलेक्टर श्री गुप्ता ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि खंडवा शहर में प्लास्टर ऑफ पेरिस (PoP) की मूर्तियां ना बनें और न ही इनका विक्रय हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त एवं सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि खंडवा शहर की गणेश तलाई, सिंघाड़ तलाई, शक्कर तालाब, पदम कुंड और रामेश्वर कुंड के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही नियमित रूप से की जाए, ताकि इनका कैचमेंट एरिया प्रभावित न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि गत वर्ष जिन भवनों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए गए थे, यदि वे टूट गए हैं तो उनकी रिपेयरिंग कराकर सही किया जाए, ताकि वर्षा का जल व्यर्थ न बहे। कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में रोजगार गारंटी योजना के तहत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की और सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























