भोपाल: राजधानी में पिछले दिनों बुजुर्ग महिलाओं के साथ सिलसिलेवार ठगी की वारदात करने वाले गिरोह की महिला सरगना को क्राइम ब्रांच ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। महिला ठग ने अपने साथियों के साथ मिलकर बैरागढ़, कोहेफिजा और टीटी नगर में ठगी की वारदात कर करीब दस लाख का सामान हड़प लिया था। पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। महिला के गिरोह में एक बच्चा और एक युवक शामिल थे। उनकी तलाश जारी है।
क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी के मुताबिक बैरागढ़ में 16 जनवरी को दिनदहाड़े 50 साल की महिला को बातों में उलझाकर शातिर ठग उसकी अंगूठी व मंगलसूत्र हड़पकर फरार हो गए थे। इसी तरह से 17 जनवरी कोहेफिजा में 80 वर्षीय महिला के साथ ठगी कर दी थी। बाद में आरोपितों में टीटी नगर में एक सेवानिवृत्त महिला डाक्टर के साथ इसी तरह से फिर ठगी की थी। बाद में इस गिरोह की सरगना अपने गिरोह के साथ गायब हो गई थी। सिलसिलेवार हुई ठगी की घटनाओं को संज्ञान में लेकर आला अधिकारियों ने थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की विशेष टीम को धरपकड़ के लिए लगाया था।
तीन सौ सीसीटीवी खंगालने के बाद हुई थी पहचान
क्राइम ब्रांच ने तीनों घटनास्थल के करीब तीन सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में ठगी करने वाले गैंग के सदस्यों की उपस्थिति मिली। क्राइम ब्रांच ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपितों की तलाश में लगाया तो जानकारी मिली कि गांधीनगर में इस गिरोह को देखा गया है। यह गिरोह गांधीनगर में एक शादी में शामिल होने आया था और 19 जनवरी को वापस दिल्ली लौट गया। इस पर क्राइम ब्रांच की टीम दिल्ली रवाना हुई। जहां पर पुलिस ने इस गिरोह के ठिकानों पर दबिश दी।
तीन दिन तक चली छापेमारी
तीन दिन तक दिल्ली में क्राइम ब्रांच के संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी करती रही थी। 23 जनवरी को क्राइम ब्रांच को सफलता मिली और इस गिरोह की सरगना मीना राठौर उर्फ मीना सोलंकी (31) निवासी सुल्तानपुरी आउटर दिल्ली को गिरफ्तार कर भोपाल लाया गया। यहां उसने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथी सोनू खान, राज और सीताराम के साथ मिलकर तीनों वारदात की थी। क्राइम ब्रांच ने महिला से टीटी नगर की घटना में लूटे गए जेवर जब्त कर लिए हैं।। महिला को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके बाकी साथियों की तलाश की जा रही है।