खंडवा | धर्म एवं जैन समाज समाचार
संस्कार धानी खंडवा में जैन समाज का सर्वोत्कृष्ट धार्मिक आयोजन ‘मूर्ति प्रतिष्ठा महोत्सव’ आगामी 11 से 16 अप्रैल तक अयोध्या नगरी (तापड़िया बिजनेस पार्क क्षेत्र) में होने जा रहा है। इस भव्य आयोजन में पूरे जिले के सकल जैन समाज के साथ ही सुदूर क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में साधर्मी बंधु उपस्थित होकर धार्मिक क्रियाओं में भाग लेंगे और पुण्य अर्जित करेंगे।
🚶♂️ मुनिसंघ का आज होगा मंगल प्रवेश, पलक-पांवड़े बिछाकर तैयार है खंडवा
समाज के अध्यक्ष दिलीप पहाड़िया एवं सचिव सुनील जैन ने बताया कि पंचकल्याणक महोत्सव हेतु मुनिसंघ इंदौर से पदविहार करते हुए मंगलवार प्रातः 7:30 बजे खंडवा नगर में प्रवेश करेगा। मुनिसंघ की अगवानी इंदौर रोड स्थित मुनीना फर्नीचर शोरूम से प्रारंभ होगी, जो पाडवा रोड, जिला अस्पताल, नगर निगम और घंटाघर होते हुए बजरंग चौक स्थित जैन मंदिर पहुंचेगी। वहां से मुनिसंघ प्रवचन के लिए पुरानी अनाज मंडी पहुंचेगा। खंडवा में मुनि आदित्यसागरजी, अप्रमितसागरजी, सहजसागरजी एवं क्षुल्लक श्रेयससागरजी के पावन सानिध्य में समस्त अनुष्ठान संपन्न होंगे।
💎 महावीर मंदिर में प्रतिष्ठित होंगी नवीन प्रतिमाएं, संजय कासलीवाल बने ‘सौधर्म इंद्र’
बजरंग चौक स्थित महावीर दिगंबर जैन मंदिर में भगवान मुनिसुव्रतनाथ एवं भरत भगवान की 4 फुट की संगमरमर की प्रतिमा के साथ अष्टधातु की आदिनाथ भगवान की प्रतिमा इस महोत्सव में प्रतिष्ठित की जाएगी। धार्मिक अनुष्ठान हेतु इंद्र पात्रों का चयन किया गया है, जिसमें सौधर्म इंद्र बनने का सौभाग्य संजय-वंदना कासलीवाल को मिला है। कुबेर इंद्र बनने का सौभाग्य जितेंद्र-सपना लुहाड़िया, महायज्ञनायक पवन-संगीता रावका एवं ध्वजारोहणकर्ता बनने का सौभाग्य कैलाश-सुनीता पहाड़िया परिवार ने प्राप्त किया है।
🎭 तीर्थंकर बालक के माता-पिता बनेंगे अजमेरा परिवार, अयोध्या नगरी में तैयारियां पूर्ण
महोत्सव में तीर्थंकर बालक के माता-पिता होने का सौभाग्य प्रदीप-प्रिया अजमेरा को मिला है। वहीं, प्रवीण-निरुपमा बैनाडा (यज्ञनायक), अविनाश-जया बडजात्या (सनत कुमार), ऋषभ-रीना गंगवाल (महेंद्र इंद्र) और दिलीप-मीना पहाड़िया (ईशान इंद्र) बने हैं। स्वर्ण सौभाग्य कलश आयुषी-अंकुश कासलीवाल ने प्राप्त किया है। प्रतिष्ठाचार्य ब्र. पीयूष भैया के निर्देशन में यह महोत्सव संपन्न होगा।
पंचकल्याणक समिति प्रमुख दिलीप पहाड़िया, सचिव सुनील जैन, जैन समाज अध्यक्ष वीरेंद्र जैन, विजय सेठी और पंकज छाबड़ा ने सकल समाज से इस आयोजन को तन-मन-धन से सफल बनाने और अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का अनुरोध किया है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























