खंडवा | राजनीतिक एवं किसान समाचार
किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस अब सड़क पर उतरने की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में 9 अप्रैल को जिला कलेक्टर कार्यालयों पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा। इसी क्रम में खंडवा में भी किसानों के समर्थन में कलेक्टर कार्यालय के घेराव कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
📋 गांधी भवन में शहर कांग्रेस की बैठक, पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी के नेतृत्व में मंगलवार को गांधी भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। जिला (शहर) कार्यकारिणी, मंडलम एवं ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के पश्चात आयोजित इस प्रथम बैठक में प्रतिभा रघुवंशी ने सभी नवीन पदाधिकारियों और ब्लॉक व मंडलम अध्यक्षों से परिचय प्राप्त किया। बैठक में वर्तमान पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों और कार्यकारिणी सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
🚜 9 अप्रैल को टैगोर पार्क से निकलेगी रैली, होगा बड़ा प्रदर्शन
बैठक में तय किया गया कि 9 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को खंडवा जिले के पीड़ित किसान, कांग्रेस के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रातः 11:30 बजे टैगोर पार्क (सिविल लाइंस) पर एकत्रित होंगे। वहां से रैली के माध्यम से जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे एवं किसानों के समर्थन में प्रदर्शन कर विरोध प्रकट करेंगे। जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि यह प्रदर्शन किसानों की आवाज बुलंद करने के लिए निर्णायक साबित होगा।
📢 ‘गांव-गांव जाकर किसानों को आंदोलन से जोड़ें कार्यकर्ता’
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर यह प्रदर्शन पूरी मजबूती के साथ किया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर और शहरवासियों व किसानों को इस आंदोलन से जोड़ें, ताकि उनकी आवाज प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाई जा सके। जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) उत्तमपाल सिंह एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने समस्त ग्रामीण एवं शहर के किसानों, कांग्रेसजनों एवं आमजन से उक्त प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।
👥 बैठक में ये प्रमुख कांग्रेसजन रहे उपस्थित
बैठक में प्रतिभा रघुवंशी के साथ संगठन महासचिव विकास व्यास, ब्लॉक अध्यक्ष विशाल जैन, मनोज मंडलोई, अविनाश शुक्ला, आलोक सिंह रावत, नूरजहां बेगम, कोषाध्यक्ष राशिद बाठिया, यशवंत सिलावट, गुरप्रीत सिंह होरा, वीरेंद्र गौतम, विनीत सकरगाए, सुरेश गुरबानी, मनोज सोनी, धनाजी जाधव, अशोक मालवीय, इस्माइल लोहार, धीरज सेन, शफीक सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन संगठन मंत्री धर्मेंद्र सिंह राठौर ने किया।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























