रायपुर । कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होते ही रायपुर नगर निगम में खेल गतिविधियां बढ़ाने का फैसला लिया गया है। महापौर एजाज ढेबर ने हरेली पर 10 अगस्त को दोपहर 12 बजे निगम के सभी पार्षदों के लिए गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन निगम मुख्यालय में कराया जाएगा। बता दें कि शुक्रवार को निगम मुख्यालय में निगम के सलाहकार समिति की बैठक में हुई। बैठक में महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि विगत दो वर्षों से कोरोना संक्रमण के चलते खेल गतिविधियां सिमट गई थीं।
कोरोना का प्रकोप वर्तमान में कम है इसलिए नगर निगम में खेल गतिविधियां बढ़ाई जाएगी। महापौर ने निर्देश पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। निगम के सभी 70 वार्ड पार्षदों के लिए गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता में पहले तीन स्थानों पर आने वाले विजेता पार्षदों को पुरस्कार दिया जाएगा। खेलकूद युवा कल्याण विभाग की सलाहकार समिति के अध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति के सदस्य के रूप में संस्कृति विभाग के अध्यक्ष आकाश तिवारी, जोन दो के अध्यक्ष बंटी होरा, जोन आठ के अध्यक्ष घनश्याम छत्री, पार्षद गोपेश साहू, कामरान अंसारी, अमितेश भारद्वाज, पुरुषोत्तम बेहरा, टेसु नंदकिशोर साहू, विभाग प्रभारी अधिकारी कार्यपालन अभियन्ता हरेंद्र कुमार साहू उपस्थित थे।
पारंपरिक खेलों को बढ़ावा
बैठक में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ ही खिलाड़ियों के लिए खेल मैदानों की सुरक्षा, डाइटमनी, खेल उपकरणों की स्थिति पर चर्चा की गई। इंटर स्कूल, निगम आफिस में पूर्व वर्षो की भांति खेल का आयोजन करने का फैसला लिया गया।
राष्ट्रीय खिलाड़ियों को मिलेगा डाइट मनी
इस बैठक में राजधानी के उभरते राष्ट्रीय खिलाड़ियों को डाइट मनी दिए जाने का प्रस्ताव समिति के सदस्यों ने दिया। सभी जोनों से दो लाख रुपये तक के इंडोर जिम का भी प्रस्ताव दिया गया।