खंडवा। भाजपा में कार्यकर्ता ही सर्वोपरि है। भाजपा के जांबाज कार्यकर्ताओं की बदौलत केंद्र और देश के कई राज्यों में भाजपा की सरकार जनता की सेवा करते हुए विकास कार्य कर रही है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि प्रदेश में भाजपा को और ज्यादा मजबूत करने के उद्देश्य को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश के सभी जिलों में संगठन प्रभारियों की नियुक्ति की है।
इन नियुक्तियों में खंडवा जिले के लिए अंबाराम कराड़ा को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर सुभाष कोठारी को भी संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका देते हुए धार जिले का संगठन प्रभारी नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के मात्र तीन दिन बाद ही प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में संभाग एवं जिला प्रभारियों की बैठक को संबोधित किया।
इस बैठक में खंडवा के प्रभारी अंबाराम कराड़ा के साथ ही धार जिले के प्रभारी सुभाष कोठारी भी उपस्थित हुए। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्व को हर कार्यकर्ता निष्ठा, ईमानदारी और पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाता है, यही हमारे संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने में संभाग व जिला प्रभारियों की भूमिका अहम है।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक जिला प्रभारी को संभाग प्रभारियों से निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखते हुए पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। जिला प्रभारियों को जिलों में साप्ताहिक प्रवास व रात्रि विश्राम कर संगठन विस्तार में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































