खंडवा: पदम नगर स्थित प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र पद्मेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव श्रद्धा, उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। कई दिनों से चल रहे इस धार्मिक आयोजन में खंडवा सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं। प्रतिदिन विविध अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया है।
मंडप पूजन से हुआ महोत्सव का शुभारंभ
मंदिर के सेवादार मनोहर शामनानी ने बताया कि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ मंडप पूजन के साथ हुआ। विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
भजन संध्या और हल्दी की रस्म
बुधवार की शाम भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय मंडलियों ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद हल्दी की पारंपरिक रस्म हुई, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नन्हे बच्चों द्वारा धारण की गई भोलेनाथ और माता पार्वती की वेशभूषा आकर्षण का केंद्र रही।

चौहान परिवार द्वारा विशेष तुलादान
गुरुवार को चौहान परिवार द्वारा तुलादान का आयोजन किया गया। श्रीमती ज्योति रघुवीर चौहान एवं उनके परिवार ने अपने सुपुत्र राघव के स्वास्थ्य लाभ (बोलने की समस्या के समाधान) को महादेव की कृपा मानकर कृतज्ञता स्वरूप यह संकल्प पूर्ण किया। तुलादान में फल, ड्राई फ्रूट और अन्य सामग्री अर्पित की गई।
मेहंदी रस्म और भभूत अर्पण
तुलादान के पश्चात पारंपरिक मेहंदी रस्म हुई। महिलाओं ने शिवलिंग एवं जलहरी में स्थापित देवी-देवताओं को शगुन की मेहंदी और भोले बाबा को भभूत अर्पित की। ढोलक की थाप पर भक्तों ने झूमते हुए नृत्य प्रस्तुत किया। इस दौरान नंदा चंचलानी, मुस्कान तोलानी, रक्षा प्रजापति, ज्योति चौहान सहित अन्य मातृशक्ति का विशेष सहयोग रहा।

धूमधाम से निकली ‘भोले की बारात’
शुक्रवार को महोत्सव के अंतर्गत भोले की बारात भव्य रूप से निकाली गई। झांकियों और ढोल-नगाड़ों के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते शामिल हुए। बारात का स्वागत शंकर सेल, सैनी होटल, रूपराज पाटीदार, प्रजापति, सेन और चौहान परिवार सहित कई सामाजिक व व्यावसायिक संस्थानों ने जलपान व पुष्पवर्षा के साथ किया।

महाशिवरात्रि पर विशेष अभिषेक और महाप्रसाद
रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में विशेष आयोजन होंगे:
प्रातः 4:00 बजे: भगवान भोलेनाथ का विशेष अभिषेक एवं रुद्राभिषेक।
पूरे दिन: शिवलिंग पर जलाभिषेक और दर्शन का लाभ।
प्रसाद वितरण: अभिषेक के पश्चात उपवास का विशेष प्रसाद एवं खीर वितरित की जाएगी।
सामाजिक एकता का प्रतीक: यह महोत्सव पदम नगर के साथ-साथ संतोषी माता नगर, कावेरी नगर और सम्मति नगर के श्रद्धालुओं के लिए सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का संगम बन गया है। मंदिर समिति ने सभी भक्तों से रविवार के विशेष आयोजन में सम्मिलित होने की अपील की है।




खंडवा
















शेयर करें














































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































