Today’s Weather Alert: उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में मार्च महीने की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने भी अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में बसंत की विदाई के साथ ही भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है. आलम…
Today’s Weather Alert: उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में मार्च महीने की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने भी अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में बसंत की विदाई के साथ ही भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है. आलम ये है कि दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है और लोग धूप से बचने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए जो पूर्वानुमान जारी किया है, वह डराने वाला है.
दिल्ली-एनसीआर में मौसम के मिजाज में अचानक आए बदलाव ने लोगों को हैरान कर दिया है. होली के बाद से ही गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है. वर्तमान में दिल्ली और आसपास के इलाकों में लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं. इन तेज हवाओं ने वातावरण को और अधिक शुष्क बना दिया है. सड़कों पर उड़ती धूल और तपती धूप ने विजिबिलिटी और एयर क्वालिटी दोनों पर असर डालना शुरू कर दिया है.
मौसम विभाग के अनुसार, 6 मार्च से 11 मार्च के बीच दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. यानी आने वाले दिनों में रातें भी अब उतनी ठंडी नहीं रहेंगी.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पारा 40 पार जाने की तैयारी
यूपी में भी गर्मी का ग्राफ तेजी से ऊपर चढ़ रहा है. मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. मेरठ, सहारनपुर, आगरा और मथुरा जैसे जिलों में तापमान 32 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, दिल्ली से सटे इलाके नोएडा और गाजियाबाद में गुरुवार से ही धूप की तल्खी बढ़ गई है. यहां आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री तक रह सकता है. राजधानी लखनऊ में तेज धूप खिली रहेगी. इसके अलावा गोरखपुर, अयोध्या, देवरिया, बस्ती और इटावा में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है. कुछ जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है.
राजस्थान और मध्य प्रदेश भी तप रहे
राजस्थान में तो स्थिति अभी से चिंताजनक हो गई है. यहां तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है. पिछले 24 घंटों में बाड़मेर देश के सबसे गर्म इलाकों में रहा, जहां पारा 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जयपुर मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि अगले 2-3 दिनों में पश्चिमी राजस्थान के जिलों में लू जैसी स्थिति बन सकती है.
मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी गर्मी का प्रचंड रूप दिख रहा है. आने वाले दिनों में राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों और एमपी के सीमावर्ती इलाकों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है.
बिहार में आंधी और बारिश का अलर्ट
एक तरफ जहां उत्तर भारत गर्मी से जूझ रहा है, वहीं बिहार के मौसम में एक बड़ा ट्विस्ट आने वाला है. 10 और 11 मार्च को बिहार के कई हिस्सों में मौसम पलटी मारेगा. उत्तर बिहार के जिलों में झमाझम बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी आने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ेगी. अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, पूर्णिया और कटिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां बिजली गिरने (वज्रपात) की भी आशंका है.
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड
पहाड़ों पर जाने वाले पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर है. एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमालयी क्षेत्रों में मौसम सुहावना होने वाला है. जम्मू-कश्मीर में 5 से 11 मार्च तक हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. 7 मार्च के बाद बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है. हिमाचल में 7 से 11 मार्च और उत्तराखंड में 8 से 11 मार्च के बीच बूंदाबांदी की संभावना है. इस मौसमी सिस्टम की वजह से पहाड़ों पर अगले दो दिनों में तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस गिर जाएगा, जिससे वहां ठंडक बनी रहेगी.
पंजाब, हरियाणा और गुजरात का हाल
पंजाब-हरियाणा में फिलहाल बारिश की कोई उम्मीद नहीं है. तापमान सामान्य से 4-6 डिग्री ज्यादा रहेगा, जिससे दोपहर में लू के थपेड़े महसूस हो सकते हैं. गुजरात में अगले दो दिनों में पारे में थोड़ी गिरावट आएगी, लेकिन उसके बाद फिर से गर्मी बढ़ेगी. महाराष्ट्र के अंदरूनी हिस्सों में तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होने वाली है. कोंकण और गोवा में भी धूप की तेजी बरकरार रहेगी.
मार्च में ही मई जैसी गर्मी का अहसास
कुल मिलाकर, मार्च के इस पहले सप्ताह में देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है. उत्तर-पश्चिम से लेकर मध्य भारत तक गर्मी का अहसास ज्यादा होगा. विशेषज्ञों की सलाह है कि इस बदलते मौसम में डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पर्याप्त पानी पिएं और बाहर निकलते समय सूती कपड़ों का प्रयोग करें.



दिल्ली/NCR





















