खंडवा। सूरजकुंड वार्ड में इन दिनों भय का माहौल है। यहां स्कूली बच्चे पढ़ाई भी नहीं कर पा रहे, उन्हें हर वक्त बेघर होने का डर सता रहा है। इस डर का कारण रेल विभाग है, जो कुछ दिनों से अतिक्रमण विरोधी कार्यवाही के अंतर्गत लाउडस्पीकर पर मकान खाली करने की चेतावनी दे रहा है। मामले को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी मंगलवार को सूरजकुंड की महिलाओं को लेकर कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचीं और वार्डवासियों की समस्या से कलेक्टर ऋषव गुप्ता को अवगत कराया। साथ ही अतिक्रमण को लेकर हो रहे भेदभाव की शिकायत भी की, जिस पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने प्रभावितों को 2 माह का समय दिया है।
ये है मामला… सूरजकुंड वार्ड क्रमांक 3 में कुछ परिवारों ने रेलवे की जमीन पर मकान बना लिए हैं। इनमें से कई लोगों को शासन ने पूर्व में पट्टे भी दे रखे हैं। बावजूद इसके, वहां से पट्टेधारियों को भी मकान खाली करने के लिए नोटिस दिए गए हैं। कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने ज्ञापन देते हुए कहा कि यदि जमीन रेलवे की है, तो फिर वार्डवासियों को शासन ने पट्टे क्यों दिए? क्यों उनकी भावनाओं से खेला गया? ये लोग गरीब मजदूर वर्ग के हैं, बेघर करने से पहले उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाए।
टेंशन में हो चुकी है मौत… वार्डवासियों ने बताया कि रेलवे विभाग द्वारा अचानक की जा रही इस असंतोषजनक कार्यवाही से वे मानसिक रूप से काफी परेशान व प्रताड़ित हो रहे हैं। इस भय की स्थिति के चलते सूरजकुंड वार्ड के एक व्यक्ति की घबराहट के कारण मौत भी हो गई है। बाकी परिवारों में भी लगातार डर बना हुआ है।
डर के साये में परीक्षाएं… रेलवे द्वारा की जा रही मुनादी और चेतावनियों से बच्चों के दिमाग पर गहरा असर हो रहा है। बच्चों की बोर्ड परीक्षाएं एवं अन्य स्थानीय परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन बेघर होने के डर से उनका मन पढ़ाई में नहीं लग रहा है। अभिभावकों का कहना है कि प्रशासन के इस रवैये से उनके बच्चों का भविष्य खतरे में नजर आ रहा है।



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































