रांचीः राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. अपराधी दिन के उजाले में भी अपराध करने से नहीं डर रहे हैं. ताजा मामला रांची के बरियातू थाना क्षेत्र का है. यहां शनिवार को एक महिला से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की कोशिश की गई, लेकिन महिला की हिम्मत के आगे अपराधी हार गए. महिला की बहादुरी और अपराधियों के दुस्साहस की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है.
क्या है पूरा मामला
🔔 यह भी पढ़ें...
रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के हाउसिंग कॉलोनी चौक पर शनिवार दोपहर दो बाइक सवार अपराधियों ने घर लौट रही एक महिला से उसकी सोने की चेन छीनने की कोशिश की. अपराधियों ने महिला को निशाना बनाया, जिससे वह सड़क पर गिर गई लेकिन उसने हार नहीं मानी. महिला अकेले ही दोनों अपराधियों से भिड़ गई और अपनी चेन बचा ली, लेकिन अपराधी नकली पिस्टल से रबर गोलियां चलाकर भाग गए.
किसी ने नहीं की मदद, नहीं तो पकड़े जाते अपराधी महिला ने बताया कि वह अपने एक रिश्तेदार के यहां शादी में आई हुई थी और मैरिज हॉल से वापस अपने रिश्तेदार के घर बरियातू लौट रही थी. इसी दौरान दो अपराधियों ने उसकी सोने की चेन छीनने की कोशिश की. महिला ने बताया कि उसने हिम्मत दिखाकर अपनी चेन वापस ले ली. आसपास काफी लोग थे, लेकिन किसी ने मदद नहीं की. अगर लोगों ने अपराधियों को पकड़ने में उसकी मदद की होती, तो अपराधी पकड़े जाते. सीसीटीवी में कैद हुई वारदात सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि हाउसिंग कॉलोनी चौक पर पहुंचते ही बाइक सवार दो अपराधियों ने महिला की चेन झपट ली और भागने लगे. लेकिन महिला ने हिम्मत नहीं हारी, उसने पीछे बैठे अपराधी को पकड़ लिया, जिससे बाइक सवार दोनों सड़क पर गिर पड़े. इस दौरान महिला भी गिर गई, लेकिन चेन उसने नहीं छोड़ी. एक अपराधी पैदल भागने लगा तो महिला उसे पकड़ने के लिए दौड़ पड़ी. इसी दौरान अपराधी ने नकली पिस्टल निकालकर दो रबर गोलियां चलाईं, जो महिला को डराने के लिए थीं. तभी दूसरा अपराधी बाइक उठाकर अपने साथी के पास पहुंचा और दोनों भागने में सफल हो गए. पुलिस तक नहीं पहुंची शिकायत बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि महिला द्वारा इस मामले में लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन फिर भी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास लगातार जारी है. रविवार को अगर महिला इस मामले में लिखित शिकायत नहीं करती है तो पुलिस खुद से एफआईआर दर्ज करेगी. जांच में बात सामने आई है कि अपराधियों ने महिला और भीड़ को डराने के लिए रबर पिस्तौल का इस्तेमाल किया था.



झारखण्ड









शेयर करें


















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































