खंडवा। खंडवा कांग्रेस के पूर्व पार्षद, ठेकेदार एवं पत्रकार, आनंद नगर निवासी जीतू उर्फ जितेंद्र चौधरी ने सूदखोरों से पीड़ित होकर आज मंगलवार सुबह 11:00 बजे करीब गेहूं में रखने वाली सल्फास की गोलियां खा लीं। गंभीर अवस्था में परिजनों द्वारा उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही जिला अस्पताल में भाजपा एवं कांग्रेस नेताओं सहित मित्रों की भारी भीड़ जमा हो गई। श्री चौधरी ने अपने बयान में गंभीर आरोप लगाए थे। सूत्रों के मुताबिक, लेन-देन से जुड़े तनाव ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया था।
खंडवा में बड़े पैमाने पर सूदखोरों का धंधा फल-फूल रहा है। खंडवा में यह पहला मामला नहीं है कि किसी व्यक्ति ने कीटनाशक खाकर या सूदखोरों से परेशान होकर आत्महत्या की हो। इससे पहले भी कई बार इस प्रकार की घटनाएं शहर में देखने को मिली हैं, जहां सूदखोरों द्वारा प्रताड़ित करने पर व्यक्तियों द्वारा आत्महत्या का प्रयास किया गया और कई की मौत भी हो चुकी है। जिम्मेदार प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा, जिससे सूदखोरों का नेटवर्क तेजी से बढ़ रहा है।
सूदखोर बिना लाइसेंस के ब्याज पर रुपये देते हैं। वे गरीबों और जरूरतमंदों की मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे अवैध रूप से तब तक ब्याज वसूल करते हैं, जब तक मूलधन पूरा अदा नहीं होता। जानकारी के अभाव में अक्सर लोग इन सूदखोरों के चक्कर में पड़कर जमीन अथवा जेवरात आदि गिरवीं रखकर रकम तो ले लेते हैं, लेकिन ली गई रकम से कई गुना अधिक ब्याज चुकाने के बाद भी मूलधन बकाया ही रह जाता है। कर्ज के इस जाल में फंसकर कुछ लोग अपना सब कुछ बेच देते हैं, तो कुछ सूदखोरों के जुल्म से परेशान होकर मौत को गले लगा लेते हैं।







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































