बिलासपुर। एलटीटी-हटिया स्पेशल ट्रेन से यात्री का मोबाइल छीनकर भागे आरोपित को आरपीएफ व जीआरपी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के खिलाफ रायगढ़ जीआरपी थाने में मामला पंजीबद्ध किया गया।
घटना पिछले महीने की 26 तारीख की है। झारखंड के जिला दुमका निवासी परितोष मुर्मू इस ट्रेन में एलटीटी से हटिया तक सफर रहे थे। उनका रिजर्वेशन बी -01 कोच के सीट नंबर 71 में था। यात्रा के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन रायगढ़ स्टेशन से छूटने के तुरंत बाद 19 हजार रुपये कीमती मोबाइल छीना और भाग गया।
प्रार्थी इस घटना की रिपोर्ट हटिया पहुंचकर जीआरपी थाने में दर्ज कराई। चूंकि घटना रायगढ़ स्टेशन की थी। इसलिए वहां शून्य में अपराध पंजीबद्ध कर केस डायरी रायगढ़ जीआरपी थाने को भेजी गई। जांच में जुटी जीआरपी का आरपीएफ ने सहयोग किया। पोस्ट के अलावा टास्क टीम को भी जांच करने के निर्देश वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आरके शुक्ला ने दी। इसके बाद से टीम जांच में जुटी हुई थी।
रायगढ़ आरपीएफ पोस्ट, टास्क टीम क्रमांक एक और रायगढ़ जीआरपी की टीम बुधवार को स्टेशन में गश्त कर रही थी। तभी प्लेटफार्म के पार्सल कार्यालय के पास एक संदिग्ध व्यक्ति के होने की सूचना मिली। टीम सतर्क हो गई और तत्काल घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में संदेही ने अपना नाम सूरज सिंह पिता लल्लन सिंह (30) निवासी सावित्री नगर रायगढ़ बताया। इसके अलावा यह जानकारी भी सामने आई कि इसी ने ट्रेन से मोबाइल छीना था। उसकी जेब में चोरी गया मोबाइल भी बरामद हो गया। इसकी जानकारी भी प्रार्थी को दी गई।
आपको यह खबर कैसी लगी?


देश




















