बिलासपुर। जिला कांग्रेस कमेटी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शहादत दिवस और प्रथम उप प्रधानमंत्री व गृहमंत्री स्व. सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाई। इस मौके पर उनकी आदमकद प्रतिमाओ पर माल्यार्पण कर उनके कृतित्व और व्यक्तित्व पर कांग्रेसजनों ने अपनी बात रखी। महापौर रामशरण यादव ने कहा कि इंदिरा गांधी एक निर्भीक और साहसी महिला थीं।
अपैक्स बैंक अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर ने कहा कि वानर सेना के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों को मदद करती थीं। शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि नेहरू जी और लालबहादुर शास्त्री ने विकास की जो नींव रखी उसमें इंदिरा गांधी ने मजबूत राष्ट्र को आकार दिया और आर्थिक, रक्षा, विदेश, नीति की नई इबारत लिखी। ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन बड़े उतार चढ़ाव से भरा है। उनका बाल्यावस्था संघर्षपूर्ण रहा। दादा-पिता देश की आज़ादी के लिए लड़ रहे थे। अव्यवस्थित दिनचर्या ने उन्हें एक मजबूत लेडी के रूप में तराशा जिससे आगे चलकर उनमें निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता विकसित हुई
संसदीय सचिव रश्मि आशीष सिंह ने कहा जब इंदिरा गांधी ने देेश की बागडोर संभाली तब देश अकाल की चपेट में था। कांग्रेस के अंदर आपसी द्वंद चरम सीमा परथा। पाकिस्तान षड्यंत्र में लगा हुआ था। इन परिस्थितियों का बिना परवाह किये इंदिरा गांधी ने बड़े बड़े फैसले लिए । 14 बैंको का राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति, श्वेत क्रांति से देश के अंदर खाद्यान्न की कमी को दूर करने का प्रयास किया । विधायक शैलेष पांडेय ने कहा पोखरण में परमाणु परीक्षण और 1971 में पाकिस्तान का विभाजन कर विश्व पटल में भारत को एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित किया।
प्रमोद नायक ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश के अंदर 1975 में सिक्किम को भारत मे विलय किया। वही पंजाब में पनप रहे अलगाववादियों को समूल नष्ट कर पंजाब में शांति की स्थापना की। सिम्स परिसर में सैय्यद ज़फ़र अली, ज़िला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, राकेश शर्मा, राजेश पांडेय, अनिल सिंह चौहान ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल एक प्रखर राष्ट्रवादी थे जिन्होंने किसानों के हक में खेड़ा और बारडोली आंदोलन का नेतृत्व किया और अंग्रेजों को झुकना पड़ा। उन्हें सरदार की उपाधि दी गई। पटेल को भारतीय बिस्मार्क भी कहा जाता है। प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृहमंत्री थे जिन्होंने 560 रियासतों का एकीकरण किया। उनके कठोर निर्णय के कारण उन्हें लौहपुरुष भी कहा जाता है। इस अवसर पर ज़िला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रमोद नायक, योग आयोग सदस्य रविन्द्र सिंह, प्रवक्ता अभय नारायण राय, सैय्यद ज़फर अली, नरेंद्र बोलर, राजेन्द्र साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
आपको यह खबर कैसी लगी?


देश

























