पटना। बिहार में पंचायत चुनाव में तीसरे चरण के लिए 35 जिलों के 50 प्रखंडों में 57,98,379 मतदाता शुक्रवार को सुबह सात बजे से आरंभ हो चुका है। गांव की सरकार बनाने के लिए जारी मतदान का एक घंटा पूरा हो चुका है। इस दौरान पटना के बख्तियारपुर व पूर्वी चंपारण के तुरकॉलिया सहित कई जगहों से ईवीएम में खराबी की जानकारी मिली है। मतदान के लिए 10,634 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। तीसरे चरण के चुनाव में कुल 23,128 पदों के लिए 81,616 उम्मीदवार मैदान में हैं। ग्राम पंचायत सदस्य की 11,247 सीटों पर सबसे अधिक 44,401 उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं तो मुखिया के लिए 759 सीटों पर 7,538 उम्मीदवार मैदान में हैं। पंचायत समिति सदस्य की 1,036 सीटों के लिए 6,851 प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की है। ग्राम कचहरी पंच के 11,247 पदों के लिए 18,606 और ग्राम कचहरी सरपंच की 759 सीटों के लिए 4,427 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। जिला परिषद सदस्य की 107 सीटों पर 1415 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। वोटों की गिनती 10 व 11 अक्टूबर को होगी।
LIVE Bihar Panchayat, Mukhiya Chunav 3rd Phase Voting Update
10.20 AM- नवादा जिले के रजौली प्रखंड में फुलवरिया जलाशय के पार बूथ तक जाने के लिए 50 रुपये खर्च कर नाव पर सवार होकर लोग पहुंच रहे हैं। दरअसल, घने जंगल के बीच बसे पिछली जमुंदहा गांव का बूथ सतगिर गांव में शिफ्ट कर दिया गया है। यहां परतौनिया गांव के भी वोटर वोट देते हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के चलते बूथ स्थानांतरित किया गया है। ग्रामीण वोटरों का आरोप है कि प्रशासन के तरफ से कोई व्यवस्था नहीं की गई है। लिहाजा अपना खर्च कर वोट देने जा रहे हैं।
10:05 AM- मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लंबी होती जा रहीं हैं। कई जिलों में कड़ी धूप के बीच लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मतदान शांतिपूर्ण है।
09:45 AM- नालंदा के नगरनौसा प्रखंड की रामपुर पंचायत में बूथ 127 पर ईवीएम में खराबी के कारण अभी तक मतदान आरंभ नहीं हो सका है। उधर, कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड की 16 पंचायतों में सुबह नौ बजे तक 11 फीसद मतदान हो चुका था।
09:35 AM- मतदान के दौरान कहीं पुलिस चुस्त दिख रही है तो कहीं सुस्ती व लापरवाही का नजारा है। लखीसराय के हलसी प्रखंड की धीरा पंचायत के बूथ संख्श 19 पर मतदान के आरंभिक दौर में हीं तैनात दारोगा सोते नजर आए।
09:10 AM- नवादा में वोट देने का दबाव देते हुए दो मुखिया प्रत्याशियों के समर्थकों ने ग्रामीणों से मारपीट की। इसके विरोध में ग्रामीणों ने आज मतदान का बहिष्कार कर दिया है। मुखिया का पद आरक्षित है। दो चचेरे भाई मुकेश यादव और साधु यादव ने अपने अपने चहेतों को चुनावी समर में उतारा है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि साधु यादव के समर्थकों ने गुरुवार की रात गांव पहुंच कर मारपीट की। वे सभी अपने पक्ष में वोट देने का दबाव बना रहे थे।
09:00 AM- नवादा के रजौली प्रखंड की सिरोडाबर पंचायत की बूथ संख्या 162 पर वोटर नहीं पहुंच रहे हैं। उत्क्रमित मध्य विद्यालय बौढीकला में बूथ है। अब तक केवल वोटर ने मतदान किया है।
08:36 AM: औरंगाबाद जिले में सुबह से हीं कड़ी धूप है। बारुण प्रखंड के बूथ संख्या 217 पर कड़ी धूप में मतदाताओं की कतारें लगीं हैं। उधर, नवादा के रजौली के एक मतदान केंद्र पर नाव से जाना पड़ता है, जहां अभी तक एक भी वोटर नहीं पहुंचा है।
08:22 AM: भोजपुर के जगदीशपुर प्रखंड में तेंदुनी गांव में बूथ संख्या 75 का ईवीएम खराब मिला है। जगदीशपुर प्रखंड में हीं कौंरा पंचायत के कौंरा गांव में बूथ संख्या 9,10 के ईवीएम भी खराब मिले हैं। औरंगाबाद जिले के बारुण प्रखंड की गोठौली पंचायत के बूथ संख्या 42 पर इवीएम मशीन खराब है, जिस कारण मतदान आरंभ नहीं हो सका है।
08:15 AM: औरंगाबाद के बारुण प्रखंड की गोठौली पंचायत के बूथ संख्या-42 पर इवीएम खराब है। इस कारण मतदान प्रारंभ नहीं हो सका है। मधेपरा जिले के गम्हरिया प्रखंड के बूथ संख्या 23 पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान शुरू नहीं हो पाया है। मधेपुरा के हीं बभनी पंचायत के बूथ संख्या 14 में ईवीएम खराबी के कारण मतदान 25 मिनट देर से शुरू हुआ। मोतिहारी के घोड़ासहन के दो बूथों पर भी ईवीएम खराब मिले हैं।
08:00 AM: पूर्वी चंपारण के तुरकौलिया व घोड़ासहन में पंचायत चुनाव के लिए दूसरे चरण का मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच हो रहा है। इस बीच तुरकौलिया प्रखंड के बूथ संख्या 204 पर ईवीएम में खराबी आने के कारण मतदान शुरू नहीं हो सका है।
07:50 AM: गया जिले में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान जारी है। नीमचक बथानी, अतरी व मोहड़ा प्रखंडों की सभी 25 पंचायतों में शांतिपूर्ण चुनाव हो रहा है। लखीसराय के हलसी प्रखंड की 10 पंचायत के 148 मतदान केंद्रों पर भी वोटिंग शुरू हो चुकी है। साथ ही लखीसराय जिला परिषद क्षेत्र संख्या 11 के लिए भी मतदान कराया जा रहा है।
07:40 AM: पटना के बिक्रम प्रखंड 217 बूथों पर मतदान शुरू हो चुका है। संख्या 205 (दनारा) पर मतदाताओं की लंबी कतार देखी जा रही है। बख्तियारपुर में लोगों ने शिकायत है कि ईवीएम खराब है, उसे बार-बार स्टार्ट करना पड़ रहा है।
07:25 AM: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में मुरली गांव के बूथ संख्या 99 पर मतदान समय से आरंभ हो गया। उधर, औरंगाबाद के बारुण प्रखंड में मतदान शुरू होने से पहले से हीं वोट देने के लिए बूथ पर मतदाताओं की कतारें लग गईं थीं। नवादा के रजौली प्रखंड की जोगियामरण पंचायत तथा अररिया के रानीगंज बूथ संख्या 145 पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी है।
07:20 AM: बांका जिला के रजौन प्रखंड की 18 पंचायतों में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। बांका में जिला परिषद सदस्य, मुखिया सहित विभिन्न पदों के 2047 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहां 259 बूथों पर एक लाख से अधिक वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतगणना 10 अक्टूबर से पीबीएस कालेज में होगी।
07:00 AM: बिहार के 35 जिलों के 50 प्रखंडों की 756 पंचायतों में 10,659 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हो चुकी है या इसकी तैयारियां चल रहीं हैं। कई जगह ईवीएम में खराबी की जानकारी मिली है। बूथों पर मतदाताओं की कतारें बढ़ने लगी हैं।
06:35 AM; शिवहर जिले के पुरनहिया प्रखंड की दोस्तियां उत्तरी पंचायत की मुखिया प्रत्याशी सुनैना देवी के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में एसडीओ मो. इश्तियाक अली अंसारी के निर्देश एफआइआर दर्ज की गई है। उनपर बगैर प्रशासनिक स्वीकृति के जुलूस निकालने का आरोप है। पंचायत चुनाव के दौरान शिवहर में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का यह दूसरा मामला है
06:20 PM: पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में 35 जिलों के 50 प्रखंडों की 756 पंचायतों में स्थित 10,659 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होनी है। बड़ी संख्या में मतदान केंद्र नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी हैं। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए के लिए 35 हजार से अधिक पुलिस बलों की तैनाती की गई है।
06.00 AM: 3144 निर्विरोध रहे विजयी
मतदान के पहले हीं 3144 प्रत्याशी निर्विरोध विजयी घोषित किए गए हैं। इनमें ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 118, पंच पद पर 3020, मुखिया पद पर दो, पंचायत समिति सदस्य पद पर तीन और ग्राम कचहरी सरपंच पद पर एक उम्मीदवार निर्विरोध विजेता घोषित किए गए हैं।
तीसरे चरण के मतदान के जिले व प्रखंड
आपको यह खबर कैसी लगी?


देश

























