खंडवा/ऊन | जैन तीर्थ एवं आध्यात्मिक समाचार
निमाड़ की प्रसिद्ध सिद्ध भूमि ‘श्री पावागिरी जी ऊन’ में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी रंगपंचमी के पावन अवसर पर 20वें वार्षिक मेले और ‘आध्यात्मिक रंगों की होली’ का भव्य आयोजन 6, 7 और 8 मार्च को किया जा रहा है। पिछले 20 वर्षों से यह मेला संपूर्ण निमाड़-मालवा क्षेत्र के निवासियों के लिए आस्था, संस्कृति और उत्सव का एक महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है।
✨ ऐतिहासिक पल: निमाड़ के प्रथम सहस्रकूट जिनालय में विराजित होंगी 1008 रत्नमयी प्रतिमाएं
इस वर्ष के वार्षिक मेले की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि 8 मार्च को निमाड़-मालवा के किसी तीर्थ पर प्रथम बार ‘सहस्रकूट जिनालय’ में 1008 रत्नमयी प्रतिमाएं एक साथ विराजित की जाएंगी। देशभर से जिन श्रावक-श्राविकाओं ने प्रतिमा स्थापित करने की स्वीकृति दी है, वे सपरिवार उपस्थित होकर भगवान को विराजमान करेंगे।
🙏 दो आचार्यों का मिल रहा मंगल सानिध्य
त्यागी व्रती बाल ब्रह्मचारिणी डॉ. उषा दीदी ने बताया कि इस बार मेले में आचार्य श्री विप्रणत सागर जी महाराज, आचार्य श्री कुमुद नंदी जी ससंघ एवं अरिहंत कीर्ति भट्टारक पट्टाचार्य महास्वामी जी का पावन सानिध्य प्राप्त हो रहा है। गाजे-बाजे के साथ आचार्य संघ का पावागिरी ऊन में भव्य मंगल प्रवेश हुआ।
📅 तीन दिवसीय आयोजनों की मुख्य रूपरेखा:
-
6 मार्च: देवेंद्र शाह परिवार (इंदौर/भोपाल) एवं अविनाश जैन परिवार (खंडवा) द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात् वेदी शुद्धि, संस्कार विधि और नव देवता विधान भक्ति-भाव से संपन्न हुआ।
-
7 मार्च: आचार्य संघ की दिव्य देशना, वास्तु शांति विधान और विश्व शांति महायज्ञ का विशेष आयोजन किया जा रहा है।
-
8 मार्च (मुख्य दिवस): आशीष जैन ने बताया कि रविवार प्रातः तलहटी में स्थित भगवान महावीर स्वर्ण जिनालय में अभिषेक, शांतिधारा, नित्य नियम पूजन, मंडल विसर्जन और विश्व शांति हवन होगा। आचार्य संघ की आहार चर्या एवं दोपहर के प्रवचनों के बाद, तलहटी से भगवान शांतिनाथ, कुंथुनाथ और अरहनाथ की पहाड़ी पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जहां पुनः अभिषेक और शांतिधारा संपन्न होगी।
🎶 सांस्कृतिक संध्या: नृत्य नाटिका और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन
आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम है। 6 मार्च की शाम मयूर जैन एवं पार्टी (दिल्ली) द्वारा सुंदर नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। वहीं, आज 7 मार्च की शाम एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें देश के प्रख्यात कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे:
शहनाज हिंदुस्तानी (जयपुर)
मुकेश मनमौजी (छपरा)
अशोक नागर (शाजापुर)
संगीता सरल (भोपाल)
धर्मेंद्र सोलंकी (भोपाल)
कवि जैन विद्रोही (ललितपुर)



खंडवा





















