खंडवा। 'एक जिला एक उत्पाद' (ODOP) कार्यक्रम के तहत 'स्टार्टअप इंडिया' कार्यशाला का आयोजन खंडवा के किशोर कुमार सभागृह में किया गया। इस अवसर पर खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, खंडवा महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा तथा जनपद अध्यक्ष छैगांवमाखन महेंद्र सावनेर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।
कार्यशाला के दौरान स्थानीय उन्नत किसानों ने अपने कृषि उत्पादों का प्रदर्शन किया, साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा कृषि उत्पादों से तैयार विभिन्न सामग्रियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
प्याज की प्रोसेसिंग से होगा बड़ा लाभ: विधायक कंचन तनवे खंडवा विधायक श्रीमती कंचन तनवे ने संबोधित करते हुए कहा कि खंडवा जिले में 'एक जिला एक उत्पाद' के तहत प्याज का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्याज को सीधे बाजार में बेचने की तुलना में उसकी प्रोसेसिंग कर अन्य उत्पाद बनाकर बेचने से किसानों को अधिक लाभ होगा। उन्होंने बताया कि अब नई तकनीक के माध्यम से प्याज का पाउडर तैयार कर उसे लंबे समय तक संरक्षित रखा जा सकता है, जिससे खराब होने का डर भी नहीं रहेगा।
योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए कई नई योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ उठाने के लिए जागरूकता जरूरी है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वानखेड़े और पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे ने भी कार्यशाला को किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी और मार्गदर्शक बताया।
उद्यानिकी और आधुनिक खेती अपनाएं किसान: कलेक्टर कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने किसानों को सलाह दी कि वे पारंपरिक खेती को छोड़कर उद्यानिकी फसलों और जैविक खेती को अपनाएं। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से किसानों की आय में काफी वृद्धि हुई है। अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा ने बताया कि खंडवा आकांक्षी जिला है और प्रदेश की इस तरह की पहली कार्यशाला खंडवा में आयोजित की गई है।
कार्यशाला में पुणे के विशेषज्ञ डॉ. भूषण, डॉ. तृप्ति सिंह और श्री अर्णव मिश्रा ने प्याज उत्पादन, भंडारण, प्रसंस्करण और स्टार्टअप नीति के बारे में विस्तृत तकनीकी जानकारी दी। कार्यक्रम का सफल संचालन संदीप जोशी ने किया। इस दौरान हेमंत झा, चंदन वधवानी, समीर मिस्त्री सहित अन्य गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे।



खंडवा









शेयर करें













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































