सूरजपुर: सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले में इन दिनों फेयरवेल पार्टी के नाम पर स्कूली छात्रों की लापरवाही लगातार सामने आ रही है. बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें छात्र नियम-कानून को ताक पर रखकर सड़कों पर हुड़दंग और स्टंट करते नजर आ रहे हैं. इन्हीं मामलों को गंभीरता से लेते हुए सूरजपुर पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई की है.
सूरजपुर के बिश्रामपुर में छात्रों का स्टंट
बीते दिनों फेयरवेल पार्टी के दौरान विश्रामपुर के एक निजी स्कूल के छात्र चार पहिया वाहनों पर स्टंट करते नजर आए थे. इस दौरान छात्रों ने वाहनों के हूटर भी बजाए थे. कई छात्र वाहनों के सनरूफ और खिड़कियों से बाहर निकलकर बैठ गए और तेज रफ्तार में स्टंट करते हुए यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाईं. कुछ वाहनों में पुलिस सायरन जैसे हूटर का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे आम लोगों को भी परेशानी हुई.
सूरजपुर पुलिस ने लिया एक्शन
मामले की सूचना मिलते ही विश्रामपुर पुलिस हरकत में आई. सूरजपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई की. पुलिस ने पांच चार पहिया वाहनों को जप्त कर लिया. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की लापरवाही न केवल छात्रों की जान के लिए खतरा है, बल्कि सड़क पर चल रहे आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है.
फेयरवेल पार्टी खुशी का अवसर जरूर है, लेकिन कानून तोड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती. संबंधित स्कूल प्रबंधन और वाहन मालिकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है- अभिषेक पैकरा, एसडीओपी, सूरजपुर
सूरजपुर पुलिस की अभिभावकों से अपील
सूरजपुर पुलिस ने छात्रों के स्टंट को लेकर अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें.इसके साथ ही सूरजपुर पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि अगर आगे भी इस तरह की हरकतें सामने आती है तो तगड़ा एक्शन लिया जाएगा.



छत्तीसगढ़









शेयर करें


















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































