पंधाना/खंडवा | राजनीतिक एवं प्रादेशिक समाचार
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सोमवार को पंधाना में केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विशाल रैली निकालकर गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों, बिजली दरों में अप्रत्याशित वृद्धि तथा पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर अपना भारी रोष व्यक्त किया।
🔥 आम जनता पर बढ़ रहे आर्थिक बोझ को कम करने की मांग
प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेसजनों ने राज्यपाल महोदय के नाम एसडीएम दिनेश सावले को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को तत्काल कम किया जाए। नेताओं ने कहा कि महंगाई लगातार चरम पर पहुंच रही है, जिससे आम नागरिकों का जीवन-यापन मुश्किल होता जा रहा है। यदि सरकार ने जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध उग्र आंदोलन करेगी।
💧 सुक्ता डैम से नहीं मिला पर्याप्त पानी, सूखने की कगार पर रबी की फसल
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि महंगाई के साथ-साथ भगवंत सागर (सुक्ता डैम) से कमांड क्षेत्र के किसानों को शीघ्र पानी उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। पंधाना क्षेत्र की सुक्ता नहर परियोजना से जुड़े गांवों में वर्तमान समय में रबी की फसल पकने की अवस्था में है, किन्तु पानी की अनुपलब्धता के कारण फसल सूखने की स्थिति में पहुंच चुकी है। यदि शीघ्र पानी उपलब्ध नहीं कराया गया, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। ज्ञात हो कि इस वर्ष कमांड क्षेत्र के लिए निर्धारित 5 पानी के स्थान पर केवल 4 पानी ही दिए गए हैं, जिसके कारण समय से पूर्व ही जल संकट उत्पन्न हो गया है।
🚰 दीवाल क्षेत्र में पेयजल का गंभीर संकट, कर्ज वसूली टालने की उठाई मांग
इसके अतिरिक्त, पंधाना ब्लॉक के अधिकांश गांवों, विशेषकर ‘दीवाल क्षेत्र’ में पेयजल की अत्यंत गंभीर समस्या बनी हुई है। ग्रामीण जनता एवं पशुओं के लिए भी पीने के पानी की भारी कमी हो रही है। पंधाना विधानसभा प्रत्याशी रुपाली बारे ने कहा कि कमरतोड़ महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार का जीवन निर्वाह कठिन हो गया है। पेट्रोल-डीजल की कमी और बढ़ती कीमतों से कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि सेवा सहकारी समितियों द्वारा किसानों की ऋण वसूली की निर्धारित तिथि को वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए आगे बढ़ाया जाए।
📉 टैक्स में कटौती और बिजली दरें वापस लेने की मांग
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि गैस सिलेंडर और बिजली की बढ़ी हुई दरों को तत्काल वापस लिया जाए, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कर टैक्स में कटौती की जाए। जनहित को ध्यान में रखते हुए इन मांगों को केंद्र व राज्य सरकार तक पहुंचाया जाए ताकि जनता को आर्थिक और मानसिक प्रताड़ना से मुक्ति मिल सके।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह, पंधाना विधानसभा प्रत्याशी रूपाली बारे, आशाराम ठाकुर, संजू पटेल, मनोज भरतकर, शकील खां, वकील पठान, केदार पाटीदार, सत्येंद्र सिंह, आदित्य राज गोंड़, भगवान सोलंकी, अरुण गोंड़, हुकुमचंद पटेल, नुपूर जैन, नाना चौहान, पलाश जैन और जितेंद्र दिलावरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।


खंडवा


























