आगरा के छत्ता क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक मां ने अपने ही जिगर के टुकड़े की बेरहमी से हत्या कर शव को नाली में फेंक दिया. पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है. पिता का आरोप है कि पत्नी ने अपने अवैध संबंधों में बाधा बनने के कारण इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
नगला धाकरान निवासी पिता रामू धाकड़ ने बताया कि उनकी शादी नवंबर 2023 में बिहार की रहने वाली ममता से हुई थी. रामू के अनुसार मंगलवार सुबह 11 बजे ममता बेटी खुशी को डॉक्टर के पास ले जाने का बहाना बनाकर घर से निकली थी.जब वह काफी देर तक नहीं लौटी, तो रामू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. देर रात पुलिस ने फोटो दिखाकर शव की शिनाख्त कराई, जिसे देख पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई. पीड़ित पिता रामू ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि ममता का किसी युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था. वह अक्सर फोन पर बात करती थी और पहले भी कई बार बिना बताए घर से जा चुकी थी. पिता का दावा है कि अवैध संबंधों के रास्ते से हटाने के लिए ही ममता ने अपनी मासूम बेटी को मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. मामले पर आधिकारिक बयान देते हुए एसीपी छत्ता, शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि बच्ची के शरीर पर जाहिर तौर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं. मौत की सटीक वजह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि बच्ची की हत्या गला दबाकर की गई या पानी में डुबोकर. आरोपी महिला से सघन पूछताछ जारी है.
डॉक्टर के बहाने घर से निकली थी मां
हत्या की चौंकाने वाली वजह
पुलिस की कार्रवाई और जांच
यह खबर आपको कैसी लगी?


उत्तरप्रदेश


























