खंडवा | राजनीतिक एवं किसान समाचार
किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस कल सड़क पर उतरकर उनके हक के लिए बड़ा आंदोलन करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण एवं शहर) द्वारा कल एक साथ जिला कलेक्टर कार्यालयों पर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा।
🚶♂️ टैगोर पार्क से पैदल मार्च कर कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे कार्यकर्ता
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कल जिले में जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कल सुबह 11:30 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जंगी प्रदर्शन किया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 11 बजे जिले के सभी कार्यकर्ता टैगोर पार्क स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा के पास एकत्रित होंगे और वहां से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
🚗 गांधी भवन से निकलेगी वाहन रैली, ये दिग्गज होंगे शामिल
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) उत्तमपाल सिंह ने बताया कि इस आंदोलन में जिले के समस्त किसान, पूर्व प्रत्याशी, जिला पदाधिकारी, मंडलम, ब्लॉक और कांग्रेस के समस्त प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित जिला कांग्रेस प्रभारी एवं हरदा विधायक आर.के. दोगने व पूर्व विधायक राजनारायण सिंह सहित जिले एवं शहर के वरिष्ठ कांग्रेसजन मौजूद रहेंगे।
वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने बताया कि शहर कार्यकारिणी के समस्त कार्यकर्ता और सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी कल सुबह 11 बजे गांधी भवन में एकत्रित होंगे। वहां से सभी वाहन रैली के रूप में रवाना होकर टैगोर पार्क (महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल) पहुंचेंगे। यहां से जिले एवं शहर के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पैदल कलेक्ट्रेट कार्यालय की ओर कूच करेंगे और किसानों की मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा


























