आपको यह खबर कैसी लगी?
रायपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में सत्ता में आने पर महिलाओं को स्कूटी देने का वादा किया। प्रियंका का यह वादा अब छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार के लिए नई मुसीबत पैदा कर रही है। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश भर में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर महिलाओं को स्कूटी देने की मांग की है।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब उत्तर प्रदेश में महिलाओं को स्कूटी दी जा सकती है, तो छत्तीसगढ़ में क्यों नहीं। इससे पहले भाजपा सरकार ने महिलाओं को स्कूल जाने के लिए सरस्वती साइकिल योजना शुरू की थी, जो भूपेश सरकार में बंद हो गई है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने बताया कि कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र में युवाओं को रोजगार जैसे वादे किए थे, लेकिन पूरे नहीं किए। उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस ने झूठे वादों को नगाड़ा पिटना शुरू कर दिया है। भाजयुमो की कन्या शक्तियों ने प्रदेश के सभी जिलों में पैदल मार्च और स्कूटी रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
एडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस सरकार से भाजयुमो की मांग है कि पहले जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां योजना चालू करें, फिर झूठे वादे कही और करें। भाजयुमो जिलाध्यक्ष गोविंदा गुप्ता ने कहा कि जल्द से जल्द छत्तीसगढ़ में सरस्वती साइकिल योजना शुरू किया जाए।
कांग्रेस की ओर से जो वादा उत्तर प्रदेश में किया जा रहा है, उसे छत्तीसगढ़ में पूरा किया जाए, नहीं तो युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे। कन्या शक्ति की जिला संयोजिका अंकिता देवांगन ने बताया कि भाजपा सरकार ने स्कूली छात्राओं के लिए सरस्वती साइकिल योजना शुरू की गई थी।
उत्तर प्रदेश में जब कांग्रेस महिलाओं को स्कूटी बांटने का वादा कर सकती है, तो छत्तीसगढ़ में सरकार होने के बाद इसे पूरा किया जा सकता है।


देश

























