खंडवा। रोटरी क्लब ऑफ खंडवा सामाजिक सरोकार के तहत समय-समय पर विभिन्न प्रकल्प आयोजित करता रहता है। इसी कड़ी में रविवार को रोटरी क्लब और यातायात पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत बड़े वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने का अभियान चलाया।
यह अभियान हरसूद रोड पर चलाया गया, जिसमें 70 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, डंपर और लोडिंग वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने की कार्रवाई की गई। मीडिया प्रभारी आशीष जायसवाल ने बताया कि ट्रैफिक डीएसपी अनिल राय और ट्रैफिक टीआई देवेंद्र परिहार के सहयोग से रोटरी क्लब ने बड़े वाहनों के ड्राइवरों को रात्रि में होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव के बारे में समझाइश दी।
अधिकारियों ने चालकों को रेडियम को रोजाना कपड़े से साफ रखने, साइड लेते समय इंडिकेटर का उपयोग करने और 'ब्लैक स्पॉट' पर सावधानी से वाहन चलाने के निर्देश दिए। रोटरी अध्यक्ष सतनाम सिंह होरा ने बताया कि क्लब लगातार जन जागरूकता के लिए कार्य कर रहा है। ट्रैफिक डीएसपी अनिल राय के अनुसार, रात्रि में ट्रैक्टर-ट्रॉली से दुर्घटना की संभावना अधिक रहती है, जिसे रोकने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है। आगामी समय में कृषि उपज मंडी में भी बड़े स्तर पर यह अभियान चलाया जाएगा।
इस दौरान रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3040 के असिस्टेंट गवर्नर अभिषेक गुप्ता ने बताया कि रोटरी क्लब खंडवा समाज सेवा में अग्रणी है और जल्द ही एक वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। इस अवसर पर सचिव मनोज कुमार वर्मा, प्रफुल्ल मंडलोई, रवि जौहरी, राजू गुजराती, श्याम दलाल, एम यूनुस सहित ट्रैफिक विभाग की टीम मौजूद रही।



खंडवा









शेयर करें













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































