खंडवा। पंधाना थाना क्षेत्र की बोरगांव पुलिस चौकी के अंतर्गत ग्राम टाकली कला में जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर गहरा गया है। यहां एक खेत में काम कर रहे आदिवासी परिवार और दूसरे पक्ष के बीच जमकर मारपीट और हाथापाई हुई।
घटना के अनुसार, जब एक आदिवासी परिवार खेत में कृषि कार्य कर रहा था, तभी दूसरी ओर से एक आदिवासी युवती कुछ लोगों के साथ वहां पहुंची। आरोप है कि उक्त लोगों ने खेत में खड़ी फसल को नष्ट करने के उद्देश्य से कीटनाशक दवा का छिड़काव करने की कोशिश की। जब वहां मौजूद महिलाओं ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया।
महिलाओं के साथ बदसलूकी और मारपीट
पीड़ित परिवार का आरोप है कि युवती के साथ आए लोगों ने महिलाओं पर हमला कर दिया। इस दौरान एक युवक ने महिला को धक्का देकर खेत में गिरा दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच भी जमकर मारपीट हुई।
पुराना है जमीन का विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, जमीन के मालिकाना हक को लेकर यह विवाद लंबे समय से चल रहा है। पीड़ित परिवार पहले भी न्याय के लिए एसपी और कलेक्टर कार्यालय में गुहार लगा चुका है। प्रशासनिक दखल के बावजूद विवाद का स्थायी समाधान नहीं हो सका, जिसके परिणामस्वरूप अब यह हिंसक झड़प हुई है। फिलहाल, दोनों पक्षों ने बोरगांव चौकी में मामले की शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस जांच में जुट गई है।



खंडवा









शेयर करें












































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































