श्योपुर: वीरपुर में किसानों को ज्यादा दाम का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. यहां मंडी में किसानों को प्रति क्विंटल 500 रुपए अधिक देने का झांसा देकर फसल के वजन के दौरान धांधली की जा रही थी. जब किसानों को तोल में गड़बड़ी की भनक लगी तो हंगामा खड़ा कर दिया. पुलिस के पहुंचने से पहले ही व्यापारी और उसके कारिंदे मौके से फरार हो गए. वहीं, एक ड्राइवर सहित 5 लोगों को पकड़ लिया. प्रशासन ने दुकान को सील कर फसल को जब्त कर लिया है. पुलिस लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई करने में जुट गई है.
तोल में गड़बड़ी के शक में किसानों ने किया हंगामा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार की रात वीरपुर मंडी में डबरा निवासी व्यापारी पोषण साहू और वीरपुर निवासी रिंकू बंसल के साथ सरसों की खरीदी कर रहा था. श्योपुर मंडी में सरसों का भाव 6000-6500 रुपए क्विंटल था. वहीं वीरपुर में व्यापारी 6500-7000 रुपए देकर किसानों को प्रलोभन देने का काम कर रहे थे.
अतिरिक्त 500 रुपए के लालच में किसान उसके पास पहुंचे, लेकिन वह इलेक्ट्रॉनिक कांटे से हर कट्टे में 5-7 किलो कम तौलकर मुनाफा कमा रहा था. कैमरा कलां के किसान हरिशंकर और अतुल रावत को शक हुआ तो वे घर से तौलकर माल लाए. दोबारा तौल में अंतर सामने आया. पोल खुलते ही हंगामा हुआ, व्यापारी रिमोट लेकर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ड्राइवर व पल्लेदारों को पकड़ लिया.
लाइसेंस निलंबन करने की कार्रवाई में जुट प्रशासन
वीरपुर सहित आसपास के किसानों ने देर रात करीब 12 बजे तक हंगामा किया. इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य किसानों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस और प्रशासन की सूचना मिलने के बाद व्यापारी और उसके कारिंदे मौके से फरार हो गए. जबकि पुलिस ने एक ड्राइवर और 5 लोगों को पकड़ लिया. प्रशासन में उक्त दुकान को सील कर सरसों को जब्त कर लिया और दस्तावेज कब्जे में लेकर स्टॉक मापन शुरू किया गया. अब प्रशासन मंडी नियमों के तहत 5 गुना पेनल्टी और लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई करने में जुट गई है.
ऐसे पकड़ में आई व्यापारी की चोरी
पीड़ित किसान अतुल रावत ने बताया, “हमने रिंकू बंसल की दुकान पर सरसों की फसल बेची तो उसमें 7-8 किलो प्रति 50 किलो के कट्टे पर कम वजन हुआ.” वहीं एक अन्य किसान जगमोहन रावत ने बताया, “मैंने अपनी सरसों व्यापारी रिंकू बंसल की दुकान पर डबरा वाले व्यापारी को बेची तो प्रति 50 किलो बोरी पर 7-8 किलो कम निकली. मैंने 30 क्विंटल माल बेचा था. इस दौरान शक होने पर घर से सरसों का वजन करके मंडी पहुंचे. जहां वजन होने पर धांधली का पर्दाफाश हुआ. इसके बाद किसान मौके पर व्यापारी के खिलाफ हंगामा करने लगे.”
तहसीलदार बीरेंद्र बघेल ने बताया, “रिंकू बंसल के व्यापारी मुन्ना लाल, प्रभु दयाल के नाम के लाइसेंस से खरीदी कर रहे थे. वह पोषण साहू डबरा के व्यापारी के साथ खरीदी कर रहे थे. किसानों का कहना है कि प्रति कट्टा वजन में 5-7 किलो की गड़बड़ी की गई है. तोल कांटा की जांच करने के लिए शील्ड कर दिया है. मंडी निरीक्षक को बुलवाकर उसमें क्या कमी है उसकी जांच कराई जाएगी.”


मध्यप्रदेश


























