खंडवा | राजनीतिक एवं प्रादेशिक समाचार
सम्यक अभियान द्वारा संचालित 4 वर्षीय ‘इंदिरा ज्योति अभियान’ की सफलता सुनिश्चित करने हेतु खंडवा जिला आयोजन समिति का गठन किया गया है। प्रदेश आयोजन समिति के सम्माननीय सदस्यों की सहमति से श्रीमती पल्लवी राजबहादुर सिंह राठौर को इसका अध्यक्ष बनाया गया है। आगामी 5 अप्रैल को ‘इंदिरा ज्योति यात्रा’ के खंडवा आगमन को लेकर सोमवार (30 मार्च) को गांधी भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर तैयारियों पर चर्चा की गई।
🚩 छिंदवाड़ा के ऐतिहासिक गांधी गंज से शुरू हुई है इंदिरा ज्योति यात्रा
कांग्रेस समर्थित सम्यक अभियान द्वारा 06 जनवरी 2026 से गुरुदेव के नाम से प्रसिद्ध, सम्यक अभियान के प्रमुख श्री भास्कर राव रोकड़े के नेतृत्व में छिंदवाड़ा के गांधी गंज से इंदिरा ज्योति यात्रा की शुरुआत की गई है। उल्लेखनीय है कि गांधी गंज को पूर्व में ‘चिटनिस गंज’ के नाम से जाना जाता था। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने 06 जनवरी 1921 को इसी ऐतिहासिक स्थान से असहयोग आंदोलन की शुरुआत की थी।
✨ यात्रा के साथ चल रहा है ‘चलें रामराज्य की ओर’ अभियान
इंदिरा ज्योति यात्रा के साथ-साथ ‘चलें रामराज्य की ओर’ अभियान भी संचालित है। महात्मा गांधी ने 11 सितम्बर 1929 को भोपाल के बेनजीर मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए रामराज्य की अवधारणा को प्रस्तुत किया था। इसी तर्ज पर गत 19 नवंबर 2025 को इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती समारोह में इस अभियान के रथ को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा, पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया व अरुण यादव ने हरी झंडी दिखाई थी। इस अभियान की केंद्रीय, प्रदेश व प्रांत कमेटियों में मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध, ब्राह्मण, ठाकुर, ओबीसी, एससी व एसटी वर्गों के समन्वयक शामिल हैं।
📅 5 अप्रैल को नगर भ्रमण करेगी यात्रा, गांधी भवन में बनी रणनीति
यह इंदिरा ज्योति यात्रा 5 अप्रैल को खंडवा नगर में भ्रमण करेगी और इसके प्रभारी एक प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। सोमवार को गांधी भवन में आयोजित बैठक में शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिमा रघुवंशी, पल्लवी राजबहादुर सिंह राठौर, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रचना तिवारी, हेमलता पालीवाल, नानकराम बड़वाहे, विशाल जैन, अर्ष पाठक, दीपक मुल्लू राठौर, विकास व्यास, आलोक सिंह रावत, अय्यूब लाला, उदय सोनी सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद थे।


खंडवा


























