खंडवा | जनसमस्या एवं विकास समाचार
सिद्धवरकुट से बड़वाह तक एनएचडीसी के माध्यम से किए जा रहे 18 किमी के सड़क डामरीकरण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 4 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस सड़क के निर्माण कार्य को क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने घटिया बताते हुए खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता और बड़वाह एसडीएम सत्यनारायण को शिकायत सौंपी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क से डामर और डस्ट उखड़ रही है, जिससे दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
🛵 डस्ट से फिसल रहे वाहन, ग्रामीणों ने की दंडात्मक कार्रवाई की मांग
घटिया रोड को लेकर रावत पलासिया, मठ पलासिया, टिटवा पलासिया, सुलगांव, कड़िया कुण्ड और मोदरी सहित अन्य गांवों के निवासियों ने राधेश्याम गोयल के नेतृत्व में शिकायती पत्र सौंपकर बताया कि ठेकेदार द्वारा गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। सड़क पर बिछाई गई डस्ट के कारण वाहन फिसल रहे हैं, जिससे आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मौके का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारी और ठेकेदार पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
🚧 ठेकेदार की सफाई: ‘अभी केवल बेस बना है, कारपेटिंग बाकी’
निर्माण कार्य कर रही बी. आर. गोयल कंपनी के उत्कर्ष शर्मा ने इन आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने बताया कि करीब 18 किमी का यह कार्य रिकारपेटिंग और मरम्मत श्रेणी का है। ऊर्जा विहार गेट से 10 किमी तक का कार्य पूर्ण हो चुका है। कुछ हिस्सों में अभी केवल बेस (आधार) तैयार किया गया है, जिसके ऊपर 20-25 मिमी का बिटुमिनस कारपेट डालना अभी बाकी है। कारपेटिंग न होने के कारण सड़क उखड़ी हुई प्रतीत हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य कैरिज-वे की गुणवत्ता मानक के अनुरूप है।
🛢️ ईरान युद्ध के कारण डामर की सप्लाई में आई बाधा!
कंपनी के अनुसार, ईरान युद्ध जैसी अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण रिफाइनरियों से डामर (बिटुमेन) की आपूर्ति में बाधा आई है। साथ ही डामर के दामों में 60 से 65 प्रतिशत की अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, इसी वजह से कार्य की गति धीमी हुई है और डामर की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
🔍 सिंहस्थ के लिहाज से महत्वपूर्ण है मार्ग, निष्पक्ष जांच की उठी मांग
यह मार्ग सिंहस्थ 2028 की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। समाजसेवी प्रदीप ठाकुर ने कहा कि करोड़ों रुपये के रोड के कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। ग्राम सैलानी सरपंच ने भी चिंता जताते हुए कहा कि करोड़ों का रोड बिना गुणवत्ता के बन रहा है। इस मार्ग पर जैन तीर्थ के साथ ग्राम सैलानी में आने वाले पर्यटक भी आते-जाते हैं, इसलिए इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा


























