खंडवा | कृषि एवं किसान समाचार
गुरुवार को भारतीय किसान संघ की मासिक बैठक नई अनाज मंडी, खंडवा में संपन्न हुई। इसमें प्रांत मंत्री धर्मचंद गुर्जर, जिलाध्यक्ष राधेश्याम चाचरिया और उपाध्यक्ष कालुसिंह चौहान मुख्य रूप से उपस्थित हुए। बैठक के पश्चात किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधीश (कलेक्टर) के माध्यम से मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश शासन के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया गया।
🌾 5 अप्रैल से शुरू हो गेहूं खरीदी, ऋण वसूली की तारीख 31 मई तक बढ़े
ज्ञापन में शासन को अवगत कराया गया है कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तारीख बार-बार बढ़ाने पर रोक लगाई जाए और खरीदी 5 अप्रैल 2026 से ही शुरू की जाए। इसके साथ ही जिला सहकारी बैंकों में ऋण वसूली की तारीख 28 मार्च से बढ़ाकर 31 मई 2026 की जाए। संघ का कहना है कि इस वर्ष समर्थन मूल्य पर गेहूं व चने की खरीदी की तारीख चार बार बढ़ाई गई है, जिससे किसानों को समय पर ऋण अदायगी में कई समस्याओं का सामना करना पड़ा है और लगभग 80% किसान डिफाल्टर हो गए हैं।
🔥 नरवाई जलाने पर एफआईआर पर रोक और फसल जलने का मिले मुआवजा
किसान संघ ने मांग की है कि नरवाई (फसल अवशेष) प्रबंधन हेतु शासन के पास उचित साधन न होने के कारण बेवजह किसानों पर एफआईआर (FIR) दर्ज न की जाए और न ही उन पर अर्थदंड लगाया जाए। इसके अलावा, बिजली विभाग की लापरवाही से जिले में कई किसानों के खेतों में खड़ी फसलों में आग लगने से हुए नुकसान की भरपाई धारा 6/4 के अंतर्गत की जाए। समर्थन मूल्य पर खरीदी की तारीख बार-बार बढ़ाए जाने से कई किसानों द्वारा मंडी में बेचे गए माल की अंतर की राशि का भी तुरंत भुगतान किया जाए।
⚠️ कम तौल पर जताई आपत्ति, 6 अप्रैल से धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
किसान संघ ने सख्त लहजे में कहा कि बारदाने की कमी बताकर किसानों की उपज कम तौलने की शासन की मंशा जगजाहिर हो चुकी है। संघ चेतावनी देता है कि किसी भी प्रकार से किसानों की उपज निर्धारित मापदंडों से कम न तौली जाए। इसके साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि 5 अप्रैल से गेहूं की खरीदी शुरू नहीं की गई, तो भारतीय किसान संघ द्वारा 6 अप्रैल 2026 से तहसील स्तरों पर उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जवाबदेही शासन-प्रशासन की होगी।
बैठक में दिनेश महाजन, हरिसिंह डोडे, सुभाष यादव, गुलाब भाई, रामचंद चाचरिया, परशुराम राठौड़ आदि प्रमुख रूप से उपस्थित हुए। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक गंगराड़े द्वारा किया गया।
आपको यह खबर कैसी लगी?


खंडवा


























