खंडवा | प्रशासनिक एवं प्रादेशिक समाचार
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले एल-1 (L-1) स्तर के कुल 10 अधिकारियों पर 500-500 रुपए अर्थदंड लगाने के आदेश जारी किए गए हैं। खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायतें दर्ज होने के बाद ऐसे अधिकारियों को चिन्हित किया गया था, जिन्होंने शिकायतों को अटेंड ही नहीं किया था।
⚠️ ‘नॉट अटेंड’ मिलीं शिकायतें, नोटिस का नहीं मिला संतोषजनक जवाब
शिकायतों पर ध्यान न देने के कारण पोर्टल पर स्थिति ‘नॉट अटेंड’ (Not Attended) प्रदर्शित हो रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए इन सभी अधिकारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस का संतोषप्रद जवाब प्राप्त न होने पर इन सभी 10 अधिकारियों पर 500-500 रुपए का अर्थदंड लगाया गया है और राशि ट्रेजरी में जमा भी करवा ली गई है। कलेक्टर ने जिले के सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्राप्त शिकायतों को तुरंत अटेंड करें और समय-सीमा के भीतर पोर्टल पर अपना लिखित जवाब दर्ज कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही पर इस तरह की दंडात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
📋 इन 10 अधिकारियों पर हुई जुर्माने की कार्रवाई
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बताया कि एल-1 स्तर के जिन अधिकारियों से 500-500 रुपए का अर्थदंड वसूला गया है, उनमें खंडवा ब्लॉक के कृषि अधिकारी दिनेश सोलंकी, पंधाना मंडी सचिव हरेसिंह सोलंकी, हरसूद ब्लॉक के कृषि अधिकारी कृष्णलाल कनासे और छैगांवमाखन ब्लॉक के कृषि अधिकारी मंगलेश पटेल शामिल हैं।
इनके अलावा मुख्य कार्यपालन अधिकारी (जनपद पुनासा) अभिषेक त्रिवेदी, बाल विकास परियोजना अधिकारी (पंधाना) रूपसिंह सिसोदिया, मांधाता तहसीलदार नरेंद्र मुवेल, मोहना के नायब तहसीलदार गजानंद चौहान, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक गणेश तईकर और विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीराम भुसारिया पर भी यह जुर्माना लगाया गया है।


खंडवा


























