खंडवा | राजनीतिक समाचार
मध्यप्रदेश में लगातार बढ़ते बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को खंडवा के गांधी भवन में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में लालटेन लेकर बैठक आयोजित की और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आम जनता पहले ही महंगाई से परेशान है, ऐसे में बिजली दरों में वृद्धि ने लोगों की कमर पूरी तरह से तोड़ दी है।
🏮 लालटेन जलाकर दिया संदेश- ‘अमृत काल’ से ‘पाषाण युग’ में जा रहा प्रदेश
विरोध स्वरूप कार्यकर्ताओं ने लालटेन जलाकर यह संदेश देने का प्रयास किया कि सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश ‘अमृत काल’ से निकलकर ‘पाषाण युग’ की ओर बढ़ रहा है, जहां लोगों को फिर से पुराने साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) उत्तमपाल सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बिजली बिलों में बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया गया, तो कांग्रेस पार्टी अपना जनआंदोलन और तेज करेगी। साथ ही, आम जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं को सड़क से लेकर सदन तक उठाने का संकल्प भी लिया गया।
⛽ पेट्रोल-डीजल और गैस के दामों से बिगड़ा महिलाओं का किचन बजट
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि हमें अब ऐसा लगता है कि हम अमृत काल से पाषाण युग की ओर वापसी कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी ने आम जनता को हर बार किसी न किसी लाइन में खड़ा कर दिया है—पहले नोटबंदी में नोट बदलवाने की लाइन, फिर गैस सिलेंडर की लाइन, पेट्रोल-डीजल की लाइन और अब बिजली की दरों में बढ़ोतरी कर लोगों को लालटेन लेने की स्थिति में ला दिया गया है। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों का सीधा असर ट्रांसपोर्टेशन पर पड़ता है, जिससे हर जरूरी वस्तु महंगी हो रही है और इसका सबसे ज्यादा असर महिलाओं के किचन बजट पर पड़ रहा है।
📉 ‘गलत आर्थिक नीतियों का खामियाजा भुगत रही है आम जनता’
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आज महंगाई इस कदर बढ़ चुकी है कि आम आदमी के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। सरकार की गलत आर्थिक नीतियों और अव्यवस्थित निर्णयों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। बिजली, पानी, गैस और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हो रही लगातार वृद्धि ने मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है।


खंडवा


























