खंडवा | धर्म एवं प्रादेशिक समाचार
भगवान विष्णु के छटवें अवतार और प्रत्येक भारतीय के आराध्य देव भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव ‘राम नवमी’ पर खंडवा में भव्य राम रथ यात्रा निकाली गई। संयोजक डॉ. मुनीश मिश्रा एवं भक्तों द्वारा यह यात्रा बड़ाबम स्थित राम मंदिर से आरंभ होकर कुम्हारबेड़ा, मालीकुआं, बुधवारा, केवलराम चौक, बॉम्बे बाजार और घंटाघर होते हुए बजरंग चौक स्थित राम मंदिर में संपन्न हुई। रथ यात्रा में पुरुष श्वेत वस्त्र और महिलाएं केसरिया वस्त्र धारण किए हुए राम भजनों पर झूमती चल रही थीं।
🚩 1998 से जारी है परंपरा, सर्वधर्म समभाव की दिखी अनूठी झलक
उल्लेखनीय है कि डॉ. मुनीश मिश्रा द्वारा सन 1998 से निरंतर इस रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सभी उत्साह से शामिल होकर प्रभु की भक्ति के साथ सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं। बग्गी पर श्रीराम के चित्र के साथ पं. पुष्पहासजी महाराज (मुंबई) विराजमान थे, जबकि ट्रॉली में मानस रामायण मंडली रामायण पाठ कर रही थी। रथ यात्रा का सभी धर्मों के लोगों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। बड़ाबम पर राजीव शर्मा परिवार, मालीकुआं पर मुक्तिलाल नरेडी, बुधवारा में दीपू मिठाईवाले और वहीद चौधरी आदि ने रथ यात्रा में श्रीराम की वंदना कर डॉ. मिश्रा का पुष्पमाला से स्वागत किया।
✨ सजीव झांकियों ने मोहा मन, कान्यकुब्ज ब्राह्मण सखी मंडल ने किया स्वागत
घंटाघर चौक पर कान्यकुब्ज ब्राह्मण सखी मंडल द्वारा रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। रथ यात्रा का मुख्य आकर्षण सजीव झांकियां रहीं, जिनमें राम जी की वेशभूषा में शिल्पा दुबे, सीताजी की भूमिका में रश्मि दुबे, लक्ष्मण के रूप में रचना दुबे और बाल हनुमान के रूप में ईवियान त्रिवेदी ने सभी का मन मोह लिया।
🙏 व्यक्ति के भीतर राम का जन्म होगा, तभी समाज में रामराज्य आएगा
रथ यात्रा का समापन बजरंग चौक स्थित राम मंदिर में हुआ, जहां बजरंग चौक मंडल द्वारा एक धर्म सभा का आयोजन किया गया। संयोजक डॉ. मिश्रा ने कहा कि राम नवमी का पर्व हमें श्रीराम के जीवन को अपने जीवन, समाज और राष्ट्र की नीति में उतारने का संदेश देता है। यदि लोकतंत्र श्रीराम के सुशासन और समाज उनकी समरसता से प्रेरणा ले, तो एक आदर्श राष्ट्र की कल्पना साकार हो सकती है। कथावाचक पं. पुष्पहास महाराज ने कहा कि राम केवल इतिहास या आस्था नहीं, बल्कि मानव सभ्यता के नैतिक भविष्य का नाम हैं। जब व्यक्ति के भीतर राम का जन्म होगा, तभी समाज में रामराज्य आएगा।
👥 धर्म सभा में इन गणमान्य नागरिकों और मातृशक्ति की रही उपस्थिति
धर्म सभा का संचालन एवं आभार सुनील जैन ने व्यक्त किया। इस भव्य रथ यात्रा में डॉ. मुनीश मिश्रा, लखनलाल नागोरी, अवधेश सिसोदिया, सुभाष नागोरी, सोनू गुर्जर, उत्तमपाल सिंह, प्रतिभा रघुवंशी, गुरमीत सिंह उबेजा, सुनील बंसल, प्रेमांशु जैन, डॉ. संजय श्रीवास्तव, किशोर गुप्ता, वहीद चौधरी, देवेंद्र जैन, जगदीशचंद चौरे, सुनील मिश्रा, शैलेष पालीवाल, नवनीत शुक्ला सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मातृशक्ति के रूप में डॉ. शुभांगी दवे मिश्रा, अंजना शुक्ला, प्रमिला शर्मा, अंजली कानूनगो, विनीता पाठक, प्रीति मिश्रा, सीमा अवस्थी, सुनीता शुक्ला, उपासना तिवारी, वंदना चतुर्वेदी सहित कान्यकुब्ज सखी मंडल की अनेक महिलाएं शामिल हुईं।


खंडवा


























