खंडवा | धर्म एवं उत्सव समाचार
गुरुवार को जिलेभर में राम भक्त हनुमान जी का जन्मोत्सव शहर सहित अंचल के मंदिरों में भारी धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर नगर के सभी हनुमान मंदिरों में प्रातः काल अभिषेक, शृंगार और हवन के पश्चात विशाल भंडारे आयोजित किए गए।
🙏 मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, जगह-जगह बंटी महाप्रसादी
सुबह से ही मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर पूजन और दर्शन लाभ लिया। दोपहर में शहर में अनेक स्थानों पर आयोजित भंडारों में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की। जन्मोत्सव के अवसर पर सभी मंदिरों को आकर्षक विद्युत सज्जा कर सजाया गया था, वहीं भगवान का विशेष शृंगार किया गया, जिसके मनमोहक दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
🚩 शहर के इन प्रमुख मंदिरों में गूंजा जय श्रीराम का जयघोष
शहर के गणेश तलाई स्थित कोडिया हनुमान मंदिर, प्रसिद्ध खेड़ापति हनुमान मंदिर, सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर पड़ावा, जागृत हनुमान मंदिर रमा कॉलोनी, पडेला हनुमान मंदिर सिहाड़ा रोड, प्रसन्नदेव हनुमान मंदिर सराफा, रामभक्त हनुमान मंदिर घंटाघर, बजरंग चौक स्थित हनुमान मंदिर, इंदिरा चौक स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर, शनि मंदिर में स्थित कुंडेश्वर महादेव हनुमान मंदिर, भवानी माता मंदिर स्थित तुलजेश्वर हनुमान मंदिर, इंदौर रोड स्थित बड़केश्वर हनुमान मंदिर, माता चौक हनुमान मंदिर, जसवाड़ी रोड बालकदास आश्रम स्थित भावसार हनुमान मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, भोपाल रोड जूनापानी स्थित हनुमान मंदिर, बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर, बड़ाबम राममंदिर स्थित हनुमान मंदिर और रामेश्वर स्थित हनुमान मंदिर सहित अन्य स्थानों पर स्थित छोटे-बड़े अनेक हनुमान मंदिरों में हनुमान जयंती का पर्व गहरी आस्था व हर्षोल्लास से मनाया गया।
📖 मनोकामनेश्वर मंदिर में अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति पर हुआ भंडारा
किशोर नगर हनुमान वाटिका स्थित श्री मनोकामनेश्वर हनुमान मंदिर में किशोर नगर रहवासी संघ के तत्वावधान में हनुमान जन्मोत्सव बड़ी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस उपलक्ष्य में आयोजित संगीतमय श्री अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति मंदिर प्रमुख पं. मनोज उपाध्याय के सानिध्य एवं संघ अध्यक्ष पं. प्रेमनारायण तिवारी व समिति सदस्यों की उपस्थिति में प्रातः 6 बजे हुई। संगीतमय श्री अखंड रामायण पाठ का वाचन मंडल के सदस्यों द्वारा बड़ी श्रद्धापूर्वक किया गया।
🌺 पंचामृत स्नान और महाआरती के बाद हुआ कन्या पूजन
गुरुवार प्रातः 4 बजे से श्री हनुमान जी का पंचामृत स्नान, अभिषेक व जन्म आरती की गई। इसके बाद प्रातः 8 बजे मंदिर प्रमुख पं. मनोज उपाध्याय के सानिध्य में हवन एवं विशेष महाआरती के पश्चात दोपहर 1 से 4 बजे तक विशाल भंडारा आयोजित हुआ। इसमें कन्या पूजन एवं कन्या भोज के पश्चात किशोर नगर रहवासी संघ के सदस्यों, क्षेत्र के महिला मंडलों की मातृशक्ति के साथ नगर की धर्म प्रेमी जनता ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर भंडारे में प्रसादी ग्रहण की और धर्मलाभ लिया।
आपको यह खबर कैसी लगी?


खंडवा


























