खंडवा | धर्म एवं जैन समाज समाचार
बड़े हर्ष का विषय है कि संस्कार एवं धार्मिक नगरी खंडवा में आगामी 11 से 16 अप्रैल तक आयोजित होने वाले भव्य जिन प्रतिमा प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर संपूर्ण जैन समाज में भारी उत्साह का वातावरण है। इस महोत्सव के निर्देशन, संपादन एवं पावन सानिध्य हेतु पूज्य मुनि श्री 108 आदित्यसागरजी मुनिराज का पदविहार इंदौर से खंडवा की ओर प्रारंभ हो गया है।
🚶 चिलचिलाती धूप में 130 किलोमीटर का कठोर तप और पदविहार
मुनिश्री अपने ससंघ के साथ लगभग 130 किलोमीटर की दूरी मात्र छह दिनों में पदविहार करते हुए तय करेंगे। चिलचिलाती धूप में कठोर तप, एक समय आहार एवं संयमित जल ग्रहण के नियमों का पालन करते हुए उनका यह विहार त्याग, तपस्या और साधना का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। इस पावन विहार में इंदौर, खंडवा सहित विभिन्न क्षेत्रों के अनेक श्रावकगण भी सहभागी बनकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।
🙏 सौधर्म इंद्र कर रहे सेवा, बजरंग चौक के मंदिर में होगी प्रतिष्ठा
बजरंग चौक स्थित महावीर जिन मंदिर में नवीन जिन प्रतिमाओं की प्रतिष्ठा पूज्य मुनिश्री के सानिध्य में पूर्ण धार्मिक विधि-विधान एवं भव्य आयोजन के साथ संपन्न की जाएगी। पंचकल्याणक महोत्सव के अंतर्गत ‘सौधर्म इंद्र’ पात्र के रूप में संजय कासलीवाल अपने सहयोगी इंद्र पात्रों के साथ मुनिसंघ के समक्ष उपस्थित होकर आहारचर्या एवं विहार में सेवा का सौभाग्य प्राप्त कर रहे हैं।
🎪 तापड़िया बिजनेस पार्क में सजेगी ‘अयोध्या नगरी’, 7 को होगा मंगल प्रवेश
संपूर्ण पंचकल्याणक महोत्सव अयोध्या नगरी (तापड़िया बिजनेस पार्क गार्डन) में आयोजित किया जाएगा। मुनिसंघ का खंडवा में मंगल प्रवेश 7 अप्रैल तक संभावित है। 7 अप्रैल से 20 अप्रैल तक मुनिराज के सानिध्य में विविध धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा। अयोध्या नगरी में तैयारियां तीव्र गति से चल रही हैं तथा समाज के सहयोग से इस महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया है। पंचकल्याणक समिति के पदाधिकारियों ने समस्त जैन समाज एवं धर्मप्रेमी बंधुओं से इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का विनम्र आग्रह किया है।
आपको यह खबर कैसी लगी?


खंडवा


























