खंडवा | प्रादेशिक एवं विकास समाचार
खंडवा में चुनाव के समय महापौर अमृता अमर यादव द्वारा जनता से किया गया सुचारू जल प्रदाय का वादा अब धरातल पर साकार हो रहा है। मध्य प्रदेश शासन से प्राप्त दूसरी नर्मदा पाइपलाइन का कार्य निरंतर प्रगति पर है। चारखेड़ा से खंडवा तक मुख्य लाइन डल चुकी है, जिससे शहर में लगातार जल प्रदाय किया जा रहा है। इतवारा बाजार और स्मार्ट सिटी की दो बड़ी नवनिर्मित टंकियों से जल प्रदाय शुरू हो गया है, जबकि चिराखदान क्षेत्र में भी नई टंकी का निर्माण पूरा हो चुका है। हिंदू बाल सेवा सदन और ट्रांसपोर्ट नगर में टंकियों का निर्माण कार्य सतत जारी है। वहीं, जसवाड़ी सुक्ता डैम पर फिल्टर प्लांट बनकर तैयार है, जहां से शुद्ध जल शहर को मिल रहा है और जल्द ही यहां नई मोटर लगाई जाएगी।
🚰 भीषण गर्मी में भी सुचारू जल प्रदाय, टैंकरों से मिली मुक्ति
नगर निगम चुनाव के समय शहर की सबसे बड़ी मूलभूत समस्या पेयजल की थी। बार-बार पाइपलाइन फूटने से जनता को जल संकट का सामना करना पड़ता था और कई आंदोलन होते थे। महापौर ने चुनाव में निर्बाध जल प्रदाय का जो आश्वासन दिया था, वह अब पूर्ण हो चुका है। भीषण गर्मी शुरू होने के बावजूद शहर में व्यवस्थित रूप से पानी सप्लाई हो रहा है और कहीं से कोई शिकायत नहीं आ रही है। निगम को इस बार किराए के टैंकर भी नहीं लगाने पड़े। शहर की टंकियों के आसपास लगभग 25 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रस्तावित है, जिसमें से 15 किलोमीटर लाइन डल चुकी है और शेष कार्य प्रगति पर है।
🏗️ करोड़ों की सीवरेज लाइन और ऐतिहासिक कुंडों के सौंदर्यीकरण की तैयारी
पानी के साथ ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के महापौर के संकल्प के तहत करोड़ों रुपए की लागत से सीवरेज लाइन का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। इसके अलावा, नगर की ऐतिहासिक धरोहर पदम कुंड और रामेश्वर कुंड के सौंदर्यीकरण की रूपरेखा भी तैयार कर ली गई है। महापौर के मार्गदर्शन में सभी वार्डों में बिना भेदभाव के विकास कार्य चल रहे हैं। गुरुवार को निगमायुक्त ने झीलोद्यान, पदम कुंड, रामेश्वर कुंड और दीनदयाल रसोई का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और इन स्थानों से अतिक्रमण हटाने पर जोर दिया।
🌿 झीलोद्यान में लगेंगे फाउंटेन, पदम और रामेश्वर कुंड का होगा कायाकल्प
निरीक्षण के दौरान झीलोद्यान क्षेत्र में एक माह के भीतर चार फाउंटेन स्थापित करने, मियावाकी पद्धति से पौधारोपण करने और पीछे की ओर ऊंची बाउंड्री वॉल बनाने के निर्देश दिए गए। पदम कुंड में कछुओं और अन्य जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सफाई कराने, गजेबो स्थापित करने और मुख्य द्वार को आकर्षक बनाने को कहा गया है। वहीं, रामेश्वर कुंड से अतिक्रमण हटाकर ड्रोन से एरियल व्यू के जरिए बेहतर लेआउट तैयार करने और मुख्य बावड़ी के पुनर्संरचना कार्य के निर्देश दिए गए। दीनदयाल रसोई में स्वच्छता, पानी की गुणवत्ता और स्टील फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। इस दौरान एमआईसी सदस्य राजेश यादव, कार्यपालन यंत्री वर्षा घिडोड़े, उद्यान प्रभारी मनीष झीले और जनसंपर्क अधिकारी गौरव खरे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


खंडवा



























