खंडवा | प्रशासनिक एवं निगम समाचार
नगर पालिक निगम खंडवा की साधारण सभा आज निगम सभागृह में सभापति अनिल विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, एमआईसी सदस्य राजेश यादव, विक्की भांवरे, आशीष चटकेले, श्रीमती उषा दीना पवार, अनिल वर्मा, श्रीमती फिरोजा मार्शल एवं सोमनाथ काले, समस्त पार्षदगण, नेता प्रतिपक्ष, पत्रकार बंधु तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत सामूहिक राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार, पूर्व पार्षद गहीराम सीतलानी, सुनील हाथमोड़े, स्व. जितेंद्र चौधरी, निगम कर्मचारी गणेश यादव तथा प्रदेश व देश-विदेश में आई प्राकृतिक आपदाओं और दुर्घटनाओं में दिवंगत विभूतियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात सचिव एस.आर. सितोले ने सभापति से अनुमति प्राप्त कर सदन की कार्यवाही प्रारंभ की।
🏠 रेलवे अतिक्रमण: सूरजकुंड के विस्थापितों को मिलेगा चीराखदान मल्टी में आवास
सभा के प्रारंभ में सूरजकुंड क्षेत्र में रेलवे द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के विषय को लेकर कुछ महिला प्रतिनिधियों ने महापौर एवं आयुक्त से चर्चा की। महापौर श्रीमती यादव ने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि इस विषय में रेलवे के केंद्रीय अधिकारियों तथा कलेक्टर महोदय से चर्चा की जा चुकी है। आवश्यकता पड़ने पर नगर निगम इस विषय का प्रस्ताव लेकर मुख्यमंत्री के पास भी जाएगा। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सूरजकुंड क्षेत्र में अतिक्रमण की कार्रवाई से प्रभावित पात्र परिवारों को शिविर लगाकर चीराखदान मल्टी में उपलब्ध आवासों के आवंटन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की लगातार मॉनिटरिंग किए जाने का भी आश्वासन दिया गया।
💡 महापौर की बड़ी घोषणाएं: संपत्ति कर में राहत, अस्थायी कर्मियों को मिलेगा एरियर्स
सभापति की अनुमति से महापौर ने सदन में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि पूर्व में 3 वर्ष बाद संपत्ति कर 9.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 19 प्रतिशत किया जाता था, किंतु अब जनहित को ध्यान में रखते हुए इसे पुनः 9.5 प्रतिशत ही रखा जाएगा। साथ ही, नियमित कर्मचारियों की तर्ज पर अब अस्थायी कर्मचारियों को भी एरियर्स की राशि 3 समान किस्तों में प्रदान की जाएगी। करदाताओं को राहत देने के लिए 1 अप्रैल से 30 जून तक संपत्ति कर एवं जल उपभोक्ता प्रभार के अधिभार में 100 प्रतिशत तथा 1 जुलाई से 30 सितंबर तक 50 प्रतिशत छूट दिए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। रिक्त भूखंडों पर 3 साल तक निर्माण न होने पर भवन की दर से कर लगाने की व्यवस्था समाप्त कर रिक्त भूखंड की दर से ही कर आरोपित करने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा जाएगा।
📊 883.51 करोड़ का बजट पेश, इन विकास कार्यों पर रहेगा विशेष फोकस
महापौर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु नगर पालिक निगम खंडवा का 883.5155 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया, जिसमें कुल प्रस्तावित व्यय 883.5042 करोड़ रुपये रखा गया है। आगामी वर्ष में नगर निगम द्वारा शहर में सीवरेज परियोजना (252 करोड़), रोड निर्माण एवं डामरीकरण (स्पेशल असिस्टेंस 60 करोड़), स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, शॉपिंग मॉल (46 करोड़), टाउनशिप (41 करोड़), पीएम आवास नवकार नगर (41.34 करोड़), सीबीजी प्लांट, गणगौर घाट विकास, अर्बन फॉरेस्ट और मुक्तिधाम जैसे बड़े कार्य किए जाएंगे।
❓ प्रश्नकाल में गूंजे जल, स्वच्छता और होर्डिंग के मुद्दे, शांतिपूर्ण रही कार्यवाही
बजट प्रस्तुति के बाद प्रश्नकाल आयोजित हुआ, जिसमें आवास, जल, स्वच्छता और कॉलोनियों के विकास पर पक्ष-विपक्ष के बीच स्वस्थ चर्चा हुई। पार्षद श्रीमती रूबी तनवीर खान ने होर्डिंग एवं फ्लेक्स से संबंधित 11 प्रश्न पूछे। वहीं, पार्षद मोहम्मद शब्बीर कादरी ने पानी के टैंकरों, कॉलोनी विकास और विद्युत सामग्री से जुड़े कई सवाल सदन में रखे। इन सभी प्रश्नों का एमआईसी सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा विस्तृत एवं संतोषजनक उत्तर दिया गया। गंभीर चर्चाओं के बावजूद पूरी कार्यवाही शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। अंत में सभापति श्री अनिल विश्वकर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
आपको यह खबर कैसी लगी?


खंडवा


























