खंडवा | अपराध एवं प्रादेशिक समाचार
खंडवा के नवकार नगर में 22 फरवरी 2026 को हुई सूने मकान में चोरी (नकबजनी) की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा कर लिया है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और फिंगरप्रिंट के आधार पर चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 3 लाख 25 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
🏠 घर का ताला तोड़कर उड़ाई थी नकदी और जेवरात
विगत 22 फरवरी को नवकार नगर के एक सूने घर में अज्ञात बदमाशों ने धावा बोला था। चोरों ने घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया और सोने का इस्तेमाली मंगलसूत्र, कान के टॉप्स (चेन सहित), दो जोड़ी चांदी की पायजेब, 50,000 रुपए नकद और दो गुल्लक चुरा लिए थे। इस मामले में थाना पदमनगर में अपराध क्रमांक 47/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
🔍 सीसीटीवी और फिंगरप्रिंट से मिला शातिर चोरों का सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज कुमार राय के निर्देश पर, एएसपी (शहर) महेंद्र तारनेकर, एएसपी (ग्रामीण) राजेश रघुवंशी और सीएसपी अभिनव कुमार बारंगे के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई प्रवीण आर्य और पदमनगर टीआई जगदीश प्रसाद जमरे के नेतृत्व में टीमें बनाई गईं। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया और घटनास्थल पर मिले फिंगरप्रिंट व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिससे रतलाम निवासी शातिर बदमाश धीरज और उसके साथियों की पहचान हुई।
🚨 16 मुकदमों वाला मुख्य आरोपी धीरज सहित 4 गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
24 मार्च 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीमों ने जावर के डेरों में दबिश देकर मुख्य आरोपी दादा उर्फ दादिया उर्फ धीरज (निवासी रतलाम) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उसके अन्य साथी खंडवा के सिनेमा चौक स्थित अस्थाई डेरों पर छिपे हैं। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने वहां दबिश देकर तीन अन्य आरोपियों— मुल्ला (पिता मदन पारदी), राजू और आर्यन को भी धर दबोचा। पुलिस ने इनके पास से चोरी का मंगलसूत्र, टॉप्स और पायजेब (कुल कीमत लगभग 3,25,000 रुपए) बरामद कर ली है। मुख्य आरोपी धीरज पर पहले से ही चोरी, मारपीट और अवैध हथियार रखने के 16 मामले दर्ज हैं। वहीं, इस गिरोह का एक अन्य साथी विवेक उर्फ चावलिया अभी फरार है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।


खंडवा


























