खंडवा: पुलिस ने ग्राम पामाखेड़ी में 12 मार्च को हुई सनसनीखेज डकैती का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने खाकी वर्दी पहनकर और बिना नंबर की स्कार्पियो का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों से लूटी गई 12 बोर की बंदूक और तलवार बरामद कर ली गई है। इस गिरोह ने धार जिले में भी इसी तरह की वारदात की थी।
वारदात का विवरण: गत 12 मार्च 2026 को ग्राम पामाखेड़ी (थाना नर्मदानगर) निवासी फरियादी ललित सोलंकी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह लगभग 06:30 बजे एक काले रंग की बिना नंबर की स्कार्पियो से करीब 8 अज्ञात बदमाश उनके घर आए। इनमें से 4 बदमाशों के मुंह बंधे थे और 2 बदमाश खाकी वर्दी पहने हुए थे (जिससे वे पुलिसकर्मी लगें)।
बदमाशों ने घर में मौजूद तीन नौकरों (बसंत, उमेन सिंह और तोताराम) के साथ मारपीट की और उनके हाथ-पैर टेप व रस्सी से बांधकर पीछे के कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी और लॉकर तोड़कर उसमें रखे 1,60,000 रुपये नकद और एक 12 बोर की बंदूक लेकर फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और जांच: घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) खंडवा मनोज राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। SP के निर्देशन और एएसपी राजेश रघुवंशी के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए 3 विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच शुरू की। उल्लेखनीय है कि फरियादी के घर मई 2025 में भी लूट का प्रयास हुआ था, जिसे ध्यान में रखते हुए पुराने संदिग्धों की भी जांच की गई।
धार जिले की घटना से जुड़ा लिंक: जांच के दौरान पता चला कि 13 मार्च को धार जिले के बाग में भी एक प्रॉपर्टी ब्रोकर के घर इसी तरह की लूट हुई थी, जिसमें काले रंग की बिना नंबर की स्कार्पियो और खाकी वर्दी का इस्तेमाल हुआ था। दोनों घटनाओं में समानता देखते हुए आईजी (IG) इंदौर जोन (ग्रामीण) अनुराग द्वारा धार और खंडवा पुलिस की एक संयुक्त जांच टीम का गठन किया गया।
गिरफ्तारी और बरामदगी: पुलिस टीमों की सतत कार्रवाई और शाजापुर पुलिस के सहयोग से गिरोह के तीन मुख्य आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं:
अब्दुल गफ्फार खान उर्फ राजा (उम्र 32 वर्ष, निवासी सोनकच्छ, जिला देवास)
डॉ. शहजाद (उम्र 35 वर्ष, निवासी बेरछा मंडी)
नरसिंह (उम्र 35 वर्ष, निवासी जिला धार, हाल मुकाम देवास)
पूछताछ में आरोपियों ने दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई 12 बोर की बंदूक, तलवार और डकैती में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद कर लिया है।
अग्रिम कार्रवाई और इनाम: प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आईजी इंदौर जोन ने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए संयुक्त पुलिस टीम को नगद इनाम देने की घोषणा की है।
इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी मूंदी मनोहर सिंह गवली, नर्मदानगर थाना प्रभारी विकास खिची, मूंदी थाना प्रभारी राजेश नरवरिया और साइबर सेल की सराहनीय भूमिका रही।



खंडवा





















