खंडवा | धर्म एवं प्रादेशिक समाचार
शुक्रवार को भगवान श्रीराम जन्मोत्सव (राम नवमी) के पावन अवसर पर खंडवा जिले की पुनासा तहसील के ग्राम मथेला में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रीराम मंदिर पहुंचकर प्रभु का जन्मोत्सव पूरी आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया।
🚩 ‘भए प्रगट कृपाला’ की स्तुति और जयकारों से गूंजा श्रीराम मंदिर
दोपहर 12 बजते ही पंडित मंगलेश खेर्डे द्वारा मंदिर के पट खोले गए। पट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर ‘श्रीराम की जय’ के जयकारों से गूंज उठा। इसके पश्चात ‘भए प्रगट कृपाला दीन दयाला…’ स्तुति के साथ प्रभु श्रीराम की भव्य महाआरती की गई। इस पावन अवसर पर नानकराम पटेल द्वारा भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, गणेश जी और शिव जी को नए वस्त्र पहनाए गए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
✨ पंडित जी ने बताई राम जन्म की महिमा, भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु
कार्यक्रम के दौरान पंडित लक्की खेड़े ने उपस्थित श्रद्धालुओं को राम जन्म की महिमा और उनके आदर्शों के बारे में विस्तार से बताया। इस आनंद उत्सव में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने श्रीफल भेंटकर एवं भजन-कीर्तन गाकर प्रभु की आराधना की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी भक्तों के बीच महाप्रसादी का वितरण किया गया।


खंडवा


























