छैगांवमाखन/खंडवा | जनसमस्या एवं ग्रामीण समाचार
क्षेत्र में इन दिनों आवारा कुत्तों ने भारी आतंक मचा रखा है। स्थिति इतनी भयावह हो गई है कि भूखे आवारा कुत्ते अब जानवरों को अपना शिकार बनाकर खाने लग गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले ये कुत्ते शहरी क्षेत्रों में आतंक मचाकर जानवरों के साथ-साथ मनुष्यों को भी अपना शिकार बनाते थे, लेकिन अब शहरी क्षेत्र की नगर पंचायत और पालिकाओं द्वारा इन आवारा कुत्तों को गाड़ियों में भर-भर कर ग्रामीण क्षेत्रों में छोड़ा जा रहा है। इसी के चलते इन आवारा कुत्तों ने अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
🐐 बाड़े में घुसकर 6 बकरियों को बनाया शिकार
आवारा कुत्तों के इसी झुंड ने हाल ही में ग्राम के कड़वा रूपाले के बाड़े में धावा बोल दिया। कुत्तों ने बाड़े से 6 बकरियों को निकालकर उन्हें अपना शिकार बनाया और खा गए। इस घटना के बाद से पशुपालकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
⚠️ बच्चों पर मंडरा रहा खतरा, पंचायत से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि इन आवारा कुत्तों के आतंक और हिंसक प्रवृत्ति को देखकर ऐसा लगता है कि भविष्य में ये घर के बाहर खेल रहे या अकेले घूम रहे छोटे बच्चों को भी अपना निशाना बना सकते हैं। यदि ग्राम पंचायत ने समय रहते इस गंभीर समस्या पर संज्ञान नहीं लिया, तो भविष्य में कोई बड़ी और दुखद घटना घटित हो सकती है। डरे हुए ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत से मांग की है कि किसी जनहानि से पहले इन आवारा कुत्तों को पकड़ने की उचित कार्रवाई की जाए।
आपको यह खबर कैसी लगी?


खंडवा


























