जावर/खंडवा | अपराध समाचार (अपडेट)
खंडवा जिले के जावर थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने इस मामले के एक नामजद आरोपी पंकज नाथ को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जबकि उसका साथी और मुख्य आरोपी ‘गुरुजी’ अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
🚨 नर्मदापुरम से पकड़ाया आरोपी, ‘गुरुजी’ के साथ मिलकर रची थी साजिश
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पंकज नाथ निवासी कोठरा (थाना शिवपुर, जिला नर्मदापुरम) है। उसने अपने साथी तथाकथित ‘गुरुजी’ के साथ मिलकर नवड़िया तलवड़िया निवासी रजनी और उसके पति को भूत-प्रेत के साये का डर दिखाया था। आरोपियों ने परिवार की मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर ‘शुद्धिकरण’ और पूजा-पाठ के नाम पर कुल 2 लाख 30 हजार रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली थी।
🔍 पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस, एक आरोपी अब भी फरार
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता रजनी ने हिम्मत जुटाकर जावर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। जावर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पंकज नाथ को तो दबोच लिया है, लेकिन ठगी का मुख्य सूत्रधार ‘गुरुजी’ अभी भी फरार है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।


खंडवा


























