खंडवा: उज्जैन के क्षीर सागर स्टेडियम में आयोजित ‘खेलो एमपी’ (Khelo MP) राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खंडवा के उभरते पहलवान गर्व मंगल यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। गर्व ने ग्रीको रोमन स्टाइल के 130 किलोग्राम भार वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल जीता और खंडवा जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया।
संसाधनों की कमी पर भारी पड़ रहा जुनून
समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि खंडवा में शासकीय कुश्ती प्रशिक्षक और आधुनिक उपकरणों की भारी कमी है। इसके बावजूद यहाँ के पहलवान अपने गुरुओं— हीरालाल यादव, मंगल यादव, राजेंद्र पांजरे, जगदीश पटेल और ऋषि सोनकर के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। आज खंडवा जिला कुश्ती का ‘हब’ बनता जा रहा है, जहाँ इंदौर स्टेडियम और बोरगांव खुर्द व्यायामशाला में बड़ी संख्या में बालक-बालिकाएं इस कला का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
पारिवारिक गौरव की विरासत
19 वर्षीय गर्व यादव कुश्ती की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। वे मध्य प्रदेश केसरी रह चुके अपने दादा स्वर्गीय हुकुमचंद यादव और अनुभवी पहलवान मंगल यादव के पदचिन्हों पर चल रहे हैं। पढ़ाई के साथ कुश्ती में समय देने वाले गर्व अब तक राष्ट्रीय स्तर पर दो सिल्वर मेडल और राज्य स्तर पर पांच मेडल प्राप्त कर चुके हैं।
हर्ष और अभिनंदन
सिल्वर मेडल जीतकर खंडवा लौटने पर गर्व यादव का भव्य स्वागत किया गया। समाजसेवी सुनील जैन, संदेश गुप्ता, माता चारुलता मंगल यादव, भाजपा प्रदेश नेत्री माया पटेल, इंदु दुबे, ममता बोरसे और अन्नपूर्णा तंवर सहित कई गणमान्य नागरिकों ने गर्व की इस उपलब्धि पर उनका अभिनंदन किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।



खंडवा









शेयर करें













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































