मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर : जिले में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को बड़ी कार्रवाई की. नगर पंचायत खोंगापानी के घुटरी टोला इलाके से लेकर नेशनल हाईवे 43 तक राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया. इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों में प्रशासनिक सख्ती का स्पष्ट संदेश गया.
लंबे समय से अतिक्रमण का चल रहा था खेल
नगर पंचायत खोंगापानी के वार्ड क्रमांक 1 और 7 में लंबे समय से शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान, दुकान और अन्य निर्माण कर लिए गए थे. लगातार मिल रही शिकायतों के बाद राजस्व विभाग ने पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे. समय सीमा समाप्त होने के बावजूद जब कब्जा नहीं हटाया गया, तब प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की.
शासकीय जमीन को कराया गया मुक्त इस दौरान कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर शासकीय जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया.कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लिंगराज सिदार के नेतृत्व में तहसीलदार, पटवारी सहित पूरी राजस्व टीम मौजूद रही. वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर तीन थानों की पुलिस बल को तैनात किया गया था. नेशनल हाईवे 43 के घुटरीटोला क्षेत्र में भी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया. बताया जा रहा है कि यहां डेयरी और होटल जैसे व्यवसाय अतिक्रमण कर संचालित किए जा रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी.प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से इन अवैध निर्माणों को हटाया और मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया. अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर उन्हें पर्याप्त अवसर दिया गया था। प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन करते हुए राजस्व न्यायालय के माध्यम से आदेश पारित किए गए, जिसके बाद ही यह कार्रवाई की गई- लिंगराज सिदार,एसडीएम
प्रशासन ने दिया स्पष्ट संदेश कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों की भीड़ भी देखने को मिली, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.लोगों से अपील की गई है कि नोटिस मिलने पर समय रहते स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी.आपको यह खबर कैसी लगी?


छत्तीसगढ़


























