विराट कोहली ने IPL में कितने रन बनाए हैं? विराट कोहली ने किस उम्र में IPL में कितने रन बनाए हैं? इन सवालों का जवाब जानने जब आप बैठेंगे तो पाएंगे कि जैसे-जैसे उम्र बढ़ी है IPL के अंदर विराट कोहली के बल्ले की आग और तेज ही हुई है. उसकी रनों की भूख बढ़ी है. विरोधी टीमों पर उसका विस्फोट और बढ़ा है. सीधे शब्दों में कहें तो IPL में बढ़ती उम्र के साथ विराट कोहली की बल्लेबाजी और विस्फोटक होती जा रही है. इसका प्रमाण है उनका स्ट्राइक रेट, उनका बैटिंग औसत, जो उनके 35 की उम्र पार करने के बाद IPL में सबसे ज्यादा दिखी है.
IPL करियर में अब तक बनाए 8730 रन
विराट कोहली की मौजूदा उम्र 37 साल है. अब 37 साल के विराट कोहली ने IPL में 268 मैच अब तक खेले हैं, जिसकी 260 पारियों में उन्होंने 8730 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 39.86 और स्ट्राइर रेट 133.4 का रहा है. अब सवाल है कि किस एज ग्रुप में उन्होंने कितने रन मारे? क्योंकि, जब इसका जवाब मिलेगा तो आपका पता चल जाएगा कि हम क्यों ऐसा कह रहे हैं कि उनकी बल्लेबाजी बढ़ती उम्र के साथ और भी खतरनाक होती जा रही है.
25 से कम की उम्र तक IPL में कैसा खेले विराट?
IPL में विराट कोहली का सबसे फीका प्रदर्शन तभी दिखा था, जब उनकी उम्र 25 साल से भी कम थी. 25 से कम की उम्र तक विराट ने IPL में 2273 रन बना लिए थे. मगर उस दौरान उनका बैटिंग औसत सिर्फ 31.56 का और स्ट्राइक रेट 124.1 का था.
25-30 की उम्र के बीच IPL में विराट का प्रदर्शन कैसा रहा?
विराट कोहली ने अपने IPL करियर में 25 साल से 30 साल की उम्र के बीच सबसे ज्यादा रन बनाए हैं. हालांकि, उनका औसत और स्ट्राइक रेट वैसा नहीं दिखा, जैसा कि आज यानी 35 की उम्र पार कर चुके विराट कोहली का है. 25-30 की उम्र में विराट ने 46.92 की औसत और 137 की स्ट्राइक रेट से IPL में 2675 रन बनाए हैं.
विराट ने 30-35 की उम्र तक IPL में कैसी की बल्लेबाजी?
30 साल से 35 साल की उम्र में विराट कोहली ने IPL में 2315 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत और स्ट्राइक रेट दोनों ही 25-30 की उम्र की तुलना में गिरा दिखा, विराट ने 30-35 की उम्र में IPL में 35.07 की औसत और 128.5 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं.
35 की उम्र पार करने के बाद विराट रोके नहीं रुक रहे
विराट कोहली के लिए सबसे लाजवाब IPL मौजूदा उम्र में बीत रहा है. 35 साल की उम्र पार करने के बाद से अब तक उनकी बल्लेबाजी का औसत और स्ट्राइक रेट दोनों को मानों जैसे नए पंख लग गए हैं. विराट कोहली ने 35 की उम्र पार करने के बाद से अब तक 61.12 की औसत और 151.1 की स्ट्राइक रेट के साथ 1467 रन बनाए हैं.


खेल


























