खंडवा | धर्म एवं प्रादेशिक समाचार
‘जियो और जीने दो’ एवं अहिंसा धर्म का संदेश देने वाले अहिंसा के पुजारी भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव पूरे उत्साह के साथ सोमवार को सकल जैन समाज द्वारा मनाया गया। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी सकल जैन समाज द्वारा भगवान महावीर की भव्य रथयात्रा सोमवार को शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के कुछ चुनिंदा शहरों के साथ ही खंडवा एक ऐसा नगर है जहां भगवान महावीर की जयंती सकल जैन समाज द्वारा सामूहिक रूप से मनाई जाती है।
🚩 ‘जियो और जीने दो’ के संदेश के साथ निकली प्रभात फेरी और हुआ ध्वजारोहण
समाज के सचिव सुनील जैन और प्रेमांशु चौधरी ने बताया कि भगवान महावीर की जयंती पर प्रातः 5:30 बजे सराफा पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से शहर के विभिन्न मार्गों पर प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी के समापन पर तुलसी उद्यान में समाज के वरिष्ठ वीरेंद्र जैन साटकुट, श्रीमती विनोदनी जैन और श्रीमती सुभद्रा जैन द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात प्रातः 8 बजे पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर सराफा से श्रीजी की विशाल रथ यात्रा प्रारंभ हुई, जो बुधवारा, केवलराम पेट्रोल पंप और बॉम्बे बाजार होते हुए घंटाघर महावीर जैन उद्यान पहुंची। यहां जैन स्तंभ महावीर वाटिका में केसरिया ध्वज अतिथि एसडीएम ऋषि सिंघई, डॉ. सुभाष जैनी और सुरेश लुहाड़िया द्वारा फहराया गया।
🙏 बिना बैलों के हाथों से खींचा गया पावन रथ, उमड़ा जनसैलाब
पोरवाड़ दिगम्बर जैन समाज के मीडिया प्रभारी प्रेमांशु चौधरी ने बताया कि जैन समाज के द्वारा निकाली गई रथ यात्रा पूर्णतयः अनुशासित होती है। भगवान महावीर के संदेश का पालन करते हुए वर्षों से यह रथ यात्रा बिना बैलों के निकाली जाती है, जिसमें समाजजन अपने हाथों से रथ को खींचते हैं। सोमवार को निकली रथ यात्रा में पावन रथ को समस्त युवाओं, समाजजनों एवं मातृशक्ति के साथ ही भाजपा संभाग प्रभारी सुरेश शर्मा, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, महापौर अमृता अमर यादव, विधायक प्रतिनिधि मुकेश तन्वे, पूर्व महापौर सुभाष कोठारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) उत्तमपाल सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने अपने हाथों से खींचा।
✨ रथ यात्रा का जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत, हुई महाआरती
पूरी रथ यात्रा में कांति भाई जैन और संजय पंचोलीया ने भजनों की सुमधुर प्रस्तुति दी। पंडित निखिलेश जैन के द्वारा समस्त धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराई गईं। रथ यात्रा मार्ग पर भाजपा, कांग्रेस और वैश्य महासम्मेलन सहित अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा समाजजनों का स्वागत किया गया। महावीर उद्यान से रथ यात्रा विट्ठल मंदिर, बजरंग चौक होते हुए घासपुरा महावीर जैन मंदिर पहुंची, जहां महाआरती हुई और महिलाओं ने भक्ति नृत्य किया। इसके बाद श्वेताम्बर जैन समाज द्वारा नमिनाथ श्वेतांबर मंदिर में सामूहिक आरती की गई। अंत में रथ यात्रा सराफा होते हुए पोरवाड़ दिगम्बर जैन धर्मशाला पहुंची जहां भगवान का अभिषेक, शांतिधारा एवं आरती संपन्न हुई। पश्चात जैन सोशल ग्रुप एवं समाज के सहयोग से अग्रवाल धर्मशाला में वात्सल्य भोज का आयोजन हुआ।
🏆 इन समाजजनों को मिला श्रीजी की सेवा का विशेष सौभाग्य
सोमवार को निकली रथ यात्रा में श्रीमती सरोज स्व. सुभाष गदीया और सचिन गदिया को भगवान को रथ पर लेकर बैठने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। श्रीमान अविनाश जैन और अंकित जैन सराफ परिवार को श्रीजी का रथ हांकने तथा स्वर्ण कलश (चतुर्थ कलश) करने का सौभाग्य मिला। श्रीजी की शांति धारा करने का सौभाग्य विहार ग्रुप को एवं श्रीमती जसवंती कैलाशचंद जैन (लोनारा परिवार) को श्रीजी को माला पहनाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस भव्य आयोजन में वीरेंद्र भटयांण, दिलीप पहाड़िया, नितिन जैन, विजय सेठी, पंकज छाबड़ा, सौधर्म इंद्र संजय, कुबेर इंद्र जीतेंद्र, विकास बोथरा, अभय चौपड़ा, डॉ. दिलीप जैन, डॉ. पंकज जैन, डॉ. शैलेंद्र जैन, पार्षद आशीष चटकेले सहित बड़ी संख्या में सकल जैन समाज के सदस्य उपस्थित थे।


खंडवा



























