रायपुर। आयुर्वेद अस्पताल में मरीजों को भर्ती लेकर फिजियोथैरेपी, डिलीवरी की सेवाएं सोमवार यानी आज से शुरू कर दी गईं हैं। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि कोरोना मरीजों के लिए यहां कोविड केयर सेंटर बनाया गया था। इसके चलते आयुर्वेद अस्पताल में आइपीडी सेवाओं के लिए बने 180 बिस्तर, स्त्रीरोग विभाग के वार्ड समेत आपरेशन थिएटर कोरोना वार्ड में शामिल कर लिए गए थे। परिसर की समस्या के चलते ओपीडी की सेवाएं भी प्रभावित हुई थी।
कोरोना की स्थिति सामान्य होने और प्रभावित होते आयुर्वेद चिकित्सा सेवा को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने शासन को पत्र लिखकर परेशानियों से अवगत कराया। इसके बाद कोविड केयर सेंटर से आयुर्वेद के 100 बिस्तरों, गायनी वार्ड व आपरेशन थिएटर को मुक्त कर दिया गया। इसके साथ ही अब आयुर्वेद के इलाज की पूरी प्रक्रियाएं फिर से बहाल कर दी गई है। सोमवार से यहां मरीजों के भर्ती से लेकर डिलीवरी, आपरेशन जैसी सेवाएं शुरू होगी। सभी ओपीडी भी अब सामान्य रूप से संचालित हैं।
आपरेशन के साथ डिलीवरी भी
आयुर्वेद अस्पताल के अधीक्षक डा. प्रवीन जोशी ने बताया कि सामान्य दिनों में शल्य चिकित्सा विभाग द्वारा हर दिन दो से तीन आपरेशन किए जाते थे। वहीं माह में लगभग चार से पांच डिलीवरी होती थी। फिजियोथैरेपी, योग क्रिया से भी उपचार की बेहतर व्यवस्था यहां पर उपलब्ध है। कोरोनाकाल में यह सेवाएं प्रभावित थी। यह सभी सेवाएं शुरू हो चुके हैं। यहां आने वाले मरीजों की कोविड स्क्रीनिंग से लेकर इलाज की पूरी व्यवस्थाएं सामान्य कर दी गई है।
पहले की तरह शुरू होगी सुविधा
शासकीय आयुर्वेद मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. जीएस बघेल ने बताया कि कोविड केयर सेंटर संचालित होने की वजह से आयुर्वेद अस्पताल के बिस्तर समेत अन्य वार्ड कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित किए गए थे। गाइडलाइन की वजह से कुछ आयुर्वेद की सेवाएं प्रभावित थीं। अब सभी तरह के इलाज की सेवाएं सोमवार से शुरू कर दी गई है। मरीजों को भर्ती से लेकर सर्जरी तक की सुविधाएं पहले की तरह मिलेंगी।
आपको यह खबर कैसी लगी?


देश

























