रायपुर। प्रदेश में परिवहन विभाग द्वारा केवल जून से नवंबर तक छह महीने की अवधि में चार लाख 44 हजार 683 स्मार्ट कार्ड आधारित वाहनों के रजिस्ट्रेशन और ड्राइविंग लाइसेंस आवेदकों के घर भेजे जा चुके हैं। इनमें दो लाख 79 हजार 577 स्मार्ट कार्ड आधारित पंजीयन प्रमाण-पत्र तथा एक लाख 65 हजार 106 ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं।
परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर ने विगत दिनों राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित केंद्रीकृत स्मार्ट कार्ड प्रिंटिंग केंद्र का निरीक्षण भी किया और वहां संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। इस अवसर पर आयुक्त परिवहन टोपेश्वर वर्मा, अपर परिवहन आयुक्त दीपांशु काबरा, संयुक्त परिवहन आयुक्त देवव्रत सिरमौर तथा सहायक परिवहन आयुक्त शैलाभ साहू सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
परिवहन विभाग के 22 सेवाओं का दिया जा रहा लाभ
परिवहन विभाग द्वारा संचालित ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार‘ योजना लोगों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है। इसमें लोगों को परिवहन संबंधी 22 सेवाएं उनके घर के द्वार पर पहुंचाकर दी जा रही है। जन केंद्रित इस सुविधा के अंतर्गत लोगों को न अब बार-बार परिवहन विभाग का चक्कर लगाना पड़ रहा है और न ही उन्हें कोरोना के भय का सामना करना पड़ रहा है।
जारी किया गया है हेल्पलाइन नंबर
परिवहन विभाग द्वारा बताया गया है कि ‘तुंहर सरकार, तुंहर द्वार’ सेवा को और अधिक सुलभ बनाने के लिए विभाग द्वारा एक हेल्पलाइन नंबर 75808-08030 जारी किया गया है, जो सभी कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक कार्य करता है और जानकारी प्रदान करता है। हेल्पलाइन नंबर पर फोन करके आवेदक अपने ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन के रजिस्ट्रेशन के प्रेषण संबंधी समस्त जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अभी औसतन प्रतिदिन 125-150 काल आ रहे हैं।
यह खबर आपको कैसी लगी?


देश



























